- चालान फीस के नाम पर वसूली का बना रहे दबाव, निजी स्कूलों के संगठन ने शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से की शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। प्रदेश के निजी स्कूल संचालकों और प्रिंसिपलों की रात की नींद इन दिनों शातिर जालसाज ने उड़ा रखी है। फोन पर खुद को चंडीगढ़ स्थित शिक्षा विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बता रहा है। वहीं ठग, स्कूलों को कार्रवाई और भारी जुर्माने का डर दिखाकर ऑनलाइन उगाही का प्रयास कर रहा है। अंबाला में 11 से अधिक प्रिंसिपलों को निशाना बनाने का प्रयास किया जा चुका है। इसकी शिकायत अंबाला में निजी स्कूलों के संगठन हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल कांफ्रेंस ने शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से की है। हालांकि स्थानीय स्तर पर साइबर पुलिस को अब तक शिकायत नहीं दी गई है।
ऐसे बुना जा रहा है ठगी का जाल
संगठन के जोनल प्रेसीडेंट प्रशांत मुंजाल ने बताया कि अंबाला में अब तक 11 स्कूलों के प्रिंसिपल को कॉल किया जा चुका है जिसमें आरोपी शिक्षाविदों को मानसिक दबाव में लेने का प्रयास करता है। आरोपी अपना नाम अजय अग्रवाल बताता है और खुद को शिक्षा विभाग का स्टेट नोडल ऑफिसर बताता है। कॉल कर वह प्रिंसिपलों से कहता है कि उनके संस्थान के खिलाफ शिक्षा मंत्रालय में गंभीर शिकायत हुई है। विभाग ने विजिलेंस जांच के आदेश दे दिए हैं। ठग कहता है कि अगर वे इस पचड़े और भारी जुर्माने से बचना चाहते हैं तो उन्हें तुरंत चालान फीस जमा करानी होगी। शिकायत की डिजिटल कॉपी भेजने के बदले 2,280 से 2,500 रुपये तक की मांग की जा रही है और भुगतान के लिए संदिग्ध लिंक भेजे जा रहे हैं।
वीकेंड का फायदा उठाता है शातिर
हरियाणा प्रोग्रेसिव स्कूल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता सौरभ कपूर ने ठग की कार्यप्रणाली का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ठग अक्सर शुक्रवार की शाम या शनिवार को फोन करता है। आरोपी प्रिंसिपलों पर दबाव बनाता है कि सोमवार सुबह अधिकारी जांच के लिए स्कूल की दहलीज पर होंगे। वह कहता है कि अभी ऑनलाइन पैसे भेजकर रसीद ले लो ताकि जांच रुक सके। सरकारी दफ्तर बंद होने के कारण लोग तस्दीक नहीं कर पाते और डर में पैसे भेज देते हैं। ऐसे मामले फतेहाबाद, फरीदाबाद और सोनीपत से भी देखने को मिले हैं। एसोसिएशन ने मांग की है कि निजी स्कूलों के प्रिंसिपलों के निजी मोबाइल नंबर और डाटा ठग तक कैसे पहुंचे इसकी जांच होनी चाहिए।
-
इन स्कूलों में किए फोन
- ब्लू बेल्स स्कूल, नारायणगढ़- 16 जनवरी
- एनसीसी सीनियर सेकेंडरी स्कूल- 17 जनवरी
- एमएम सदोपुर स्कूल- 17 जनवरी
- एसआर दयानंद सी. सेकेंडरी स्कूल- 20 जनवरी
- लॉर्ड महावीर जैन स्कूल- 20 जनवरी
- सिग्नस हाई वर्ल्ड स्कूल- 16 जनवरी
- माउंट कैरेमल स्कूल, नारायणगढ़- 17 जनवरी
- तनेजा पब्लिक स्कूल- 19 जनवरी
- सनराइज पब्लिक स्कूल- 19 जनवरी
- तुलसी पब्लिक स्कूल- 21 जनवरी
- पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल- 17 जनवरी
-
बरतें सावधानी
- शिक्षा विभाग कभी भी फोन पर चालान फीस या जुर्माना नहीं मांगता।
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- ऐसे कॉल आने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को सूचित करें।