न्यायाधीश भाभी राजगुप्ता से प्रेरणा लेते हुए छावनी की साक्षी गुप्ता ने ज्यूडिशियरी की परीक्षा पास की। जिससे उनके घर व आस पड़ोस में खुशी का माहौल है। पंजाबी मोहल्ला निवासी माता रेणु गुप्ता, पिता अरुण गुप्ता ने बेटी साक्षी की उपलब्धि पर खुशी का इजहार किया। इस दौरान साक्षी ने बताया कि जज बनने के साथ ही उनका मुख्य उद्देश्य अन्याय पर प्रहार करना रहेगा और सभी को न्याय दिलवाने के लिए वह हमेशा प्रयास भी करेंगीं। उन्होंने बताया कि न्यायाधीश के तौर पर भाभी राजगुप्ता को देखते हुए उन्होंने अपने मन में ठान लिया था कि वह न्यायाधीश ही बनेगी और उसी ओर कार्य करते हुए उन्होंने इस उपलब्धि को प्राप्त किया है। जिसमें उनके परिवार का बहुत सहयोग रहा है।
भाई शुशांत गुप्ता भी करीब डेढ़ साल से अंबाला कोर्ट में प्रेक्टिस कर रहे हैं। वहीं पिता अरुण गुप्ता व्यापारी है। इसके अलावा फिनिक्स क्लब में सचिव है व अन्य बहुत सी संस्थाओं के साथ जुड़ कर समाज सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी समाज सेवा के कार्य से जुड़े और अपने बच्चों को भी समाज सेवा के कार्य में हमेशा आगे रहने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं साक्षी की मां रेणु गुप्ता गृहिणी के तौर घर को संभालने का कार्य कर रही है। पिता अरुण गुप्ता ने बताया कि साक्षी हमेशा से ही पढ़ाई में अच्छी रही है और 12वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप 10 में स्थान बनाया था। वहीं इसके बाद एलएलबी और एलएलएम में भी बेहतर अंक से परीक्षा पास की और जब ज्यूडिशियरी की परीक्षा पास की है।