नारायणगढ़। लालपुर गांव में किराना कारोबारी सुदेश गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी 21 वर्षीय आर्यन को काबू कर लिया है। लालपुर गांव के ही रहने वाले आरोपी को पुलिस रविवार कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में शामिल हथियार बरामद किया जाएगा।
बता दें कि हत्या के दो दिन बाद ही आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट डालकर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। यह आईडी आरोपी आर्यन ने प्रतीक गुज्जर के नाम से बना रखी थी। उधर, हत्याकांड के बाद पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उन्हें एक फुटेज में एक युवक भागता हुआ नजर आया था। नारायणगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ललित ने बताया कि आरोपी आर्यन को काबू कर लिया गया है। आरोपी को रविवार कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह था मामला
मृतक व्यापारी सुदेश गुप्ता पत्नी सीता देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। उसने बताया था कि उसके पति घर के पास ही किराने की दुकान चलाते थे। उसके पति ने अभी कुछ दिन पहले ही लालपुर गांव में पेट्रोल पंप लगाया था। इसका मुहूर्त 30 मार्च को होना है। 25 मार्च को शाम के लगभग 7.30 बजे जब वो और उसका पोता भव्य गांव के ही मंदिर में माथा टेक कर अपनी दुकान के पास आए तो देखा कि उसके पति सुदेश कुमार दुकान के अंदर ही फर्श पर औंधे मुंह पड़े हुए थे। उनकी छाती से काफी खून बह रहा था। जब वो डर के मारे चिल्लाई तो आस-पास के व्यक्ति मौके पर आ गए और फिर वो निजी गाड़ी से अपने पति को पड़ोसियों की मदद से सरकारी अस्पताल ले गई। यहां डाक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीता देवी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने रंजिशन उसके पति को गोली मार दी।