नागरिक अस्पताल में लगी पुरानी लिफ्ट। संवाद
अंबाला सिटी। नागरिक अस्पताल में विभिन्न जगहों को सुधारने के लिए विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी को बजट का 60 लाख रुपये भेजा गया है। जिसके बाद अब नागरिक अस्पताल में टूट-फूट का कार्य शुरू किया गया है। सबसे पहले ट्रामा सेंटर में डॉक्टर रूम, नए चिकित्सकाें के लिए ओपीडी कक्ष का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में लगी लिफ्ट को भी बदला जाएगा।
इसके लिए भी विभाग को पैसा भेज दिया गया है। गौरतलब है कि अस्पताल में कई जगहों से रास्ते व भवन सहित अन्य कई समस्याएं हैं। इस कारण मरीजों और स्टाफ को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फुटपाथ भी टूटने के कारण मरीजों को व्हीलचेयर ले जाने में भी काफी परेशानी हो रही है।
22 लाख से लगेगी नई लिफ्ट
नागरिक अस्पताल में जच्चा-बच्चा वार्ड के लिए लिफ्ट लगाई गई है। यह लिफ्ट कई वर्ष पुरानी होने के कारण अक्सर बंद रहती है। इस कारण मरीजों व तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई दिनों तक लिफ्ट बंद होने के कारण गर्भवतियों को सीढि़यों के रास्ते ही पहली और दूसरी मंजिल पर जाना पड़ता है।इसलिए नागरिक अस्पताल में नई लिफ्ट लगाई जाएगी। इसका आकार पहले की तरह ही होगा लेकिन तकनीक नई होगी।
ओपीडी में बनेंगे नए कमरे
मेडिसन चिकित्सकों के लिए अस्पताल की ओपीडी में नए कमरे बनाए जा रहे हैं। इससे मरीजों को बैठने के लिए भी प्रर्याप्त स्थान मिलेगा तो वहीं चिकित्सकों को भी अलग से कमरा मिल जाएगा। कमरों की कमी के कारण दो-दो चिकित्सकों को एक ही कमरे में बैठना पड़ रहा है। डॉ. अर्पिता गर्ग और डॉ़ हर्ष कुश्वाहा की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज होते हैं। इससे आने-जाने का रास्ता भी प्रभावित होता है।
हमारी ओर से पीडब्ल्यूडी विभाग को पैसा भेजा दिया गया है और विभाग ने कुछ कार्य भी शुरू करवा दिए हें। इसके अलावा फुटपाथ व अन्य टूट-फूट के लिए भी निविदा लगाई जा रही है। जल्द ही इनकी रिपेयर का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
डॉ पूनम चौधरी, पीएमओ नागरिक अस्पताल अंबाला सिटी।
नागरिक अस्पताल में लगी पुरानी लिफ्ट। संवाद