संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दूसरी मोहिंद्र सिंह मेमोरियल अंडर-14 (लड़के) फुटबॉल लीग के तहत छावनी के रॉबर्ट पवेलियन फुटबॉल मैदान में रोमांचक सेमीफाइनल के मुकाबले खेले गए। इनमें पहला मैच आर्मी पब्लिक स्कूल और केवी नंबर दो की टीम के बीच खेला गया।इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल की टीम ने केवी नंबर दो की टीम को 1-0 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
आर्मी पब्लिक स्कूल की ओर से यह विजयी गोल मैच के 44वें मिनट में सौरभ ने किया। वहीं, दूसरा सेमिफाइनल मैच एनसीआर फुटबॉल अकादमी और एमएमआईएस इंटरनेशनल स्कूल अंबाला सिटी के बीच खेला गया। इस कड़े मुकाबले में एमएमआईएस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एनसीआर फुटबॉल अकादमी को 5-0 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। आज के मुकाबलों के दौरान राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी सुमेध बग्गा व गुरकिरपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह लीग फुटबॉल लवर्स वेलफेयर सोसाइटी की ओर से करवाई जा रही है।
-
आज होंगे तीसरे स्थान और फाइनल के मुकाबले
फुटबॉल लवर्स वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव नरेश शर्मा ने बताया कि रविवार को तीसरे स्थान के लिए केवी नंबर दो और एनसीआर फुटबॉल अकादमी के बीच मैच खेला जाएगा। इसके बाद, दोपहर एक बजे बजे विशेष तौर पर लड़कियों के बीच प्रदर्शनी मैच का आयोजन होगा। वहीं, दोपहर 3 बजे प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल और एमएमआईएस इंटरनेशनल स्कूल, अंबाला सिटी के बीच खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी व सामाजिक कार्यकर्ता चित्रा सरवारा मुख्य अतिथि होंगी।
छावनी के रॉबर्ट पवेलियन फुटबॉल मैदान में आयोजित सेमिफाइनल फुटबाल मैच में भिड़ते खिलाड़ी। सभा
छावनी के रॉबर्ट पवेलियन फुटबॉल मैदान में आयोजित सेमिफाइनल फुटबाल मैच में भिड़ते खिलाड़ी। सभा