अंबाला। जिले में वायु प्रदूषण का प्रकोप लगातार बना हुआ है। हालांकि, बीते 24 घंटों में वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली गिरावट देखने को मिली है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। मंगलवार को जहां शहर का एक्यूआई 289 दर्ज किया गया था, वहीं बुधवार को यह घटकर 243 पर पहुंच गया।
सूचकांक में 46 अंकों की कमी आने के बावजूद आबो-हवा में घुला जहर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को अंबाला में प्रदूषण का मुख्य कारक सूक्ष्म कण यानी पीएम 2.5 रहा।
हवा में घुली यह महीन धूल और धुआं सीधे फेफड़ों तक पहुंचकर सांस के मरीजों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो रही है।
प्रदूषण के दो प्रमुख कारण : मौसम में बदलाव और सुबह-शाम गिरते तापमान के कारण हवा की गति धीमी पड़ गई है। इससे वातावरण में मौजूद धुआं और धूल के कण बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और शहर के ऊपर धुंध की चादर छाई हुई है।
वहीं, शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव और आसपास के क्षेत्रों से आ रहा धुआं वायु गुणवत्ता को लगातार बिगाड़ रहा है।