संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छठ महापर्व को लेकर व्रतियों में उत्साह बढ़ने लगा है। तीन दिन बाद नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय पर्व की शुरुआत होगी। छठी मइया की आराधना और शुद्धता की परंपरा के तहत मंगलवार को कई महिलाओं ने हरिद्वार पहुंचकर पवित्र गंगा में स्नान किया। पर्व को लेकर अंबाला छावनी के बाजारों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं।
पूजन सामग्री और फल की दुकानें सजने लगी हैं, जबकि दुकानदारों ने पारंपरिक सामग्री का स्टॉक जुटा लिया है। छठ पर्व के मद्देनजर अंबाला छावनी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है।
दुकानदारों ने पूजन सामग्री का पर्याप्त स्टॉक तैयार किया है। बाजारों में पानी वाला और सूखा नारियल, अनानास, अदरक, कच्ची हल्दी, चकोतरा, बदूरी, कैथा, सुथनी, आमरत, आंवला, सूखी धूप और विभिन्न फल उपलब्ध रहेंगे। पर्व की खरीदारी के लिए महिलाओं की आवाजाही भी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
छठ को लेकर छावनी के बाजार में पूजा के सामान के रेट पूछती महिलाएं। संवाद