अंबाला सिटी जंडली के पास इस गाड़ी में हुई थी लूटपाट: संवाद
अंबाला सिटी। विराट नगर के पास अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा गाड़ी को जबरन रोककर सोने के आभूषण लूटपाट मामले में सीआईए-1 की टीम ने दूसरे आरोपी संदीप को काबू कर लिया है। सीआईए-1 की टीम ने आरोपी से 15 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद कर लिए।
इस मामले में टीम ने पहले पीड़ित सर्राफा कारोबारी के कर्मचारी अंबाला सिटी निवासी रितेश को काबू किया था। जिसने अपने दोस्त के संग मिलकर लूटपाट करवाई थी। जांच में नोएडा निवासी चेतन कुमार उर्फ संदीप का नाम उजागर होने पर उसे काबू किया। हालांकि इस वारदात में संलिप्त अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
बलदेव नगर थाना पुलिस को दी तहरीर में लुधियाना निवासी शिकायतकर्ता रजनीश कुमार ने बताया था कि 18 अगस्त को बलदेव नगर क्षेत्र के विराट नगर के पास अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया था। हथियार दिखाकर भारी मात्रा में सोना लूटकर भाग गए थे। जाते हुए आरोपी उनकी कार भी लेकर गए थे और कुछ ही दूरी पर अंबाला कैंट 12 क्रॉस रोड पर छोड़ दिया था।
सीआईए-1 के निरीक्षक परमवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित रजनीश का कर्मचारी रितेश ही इस वारदात का मुख्य सूत्रधार था। उसने ही बदमाशों को गाड़ी में सोना होने और अंबाला पहुंचने की सटीक जानकारी दी थी। शुक्रवार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। संवाद