अंबाला छावनी के रेलवे कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे डीआरएम व यूनियन पदाधिकारी। प्रवक्
- अंबाला मंडल में एनआरएमयू का युवा और डेलीगेट सम्मेलन आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) अंबाला मंडल की ओर से शनिवार को मंडलीय युवा सम्मेलन और मंडलीय डेलीगेट सम्मेलन का आयोजन किया गया। रेलवे कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब के नजदीक एनआरएमयू सीएंडडब्ल्यू कार्यालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों और युवाओं ने शिरकत की।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) में जब तक पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के सभी लाभ शामिल नहीं हो जाते, तब तक यूनियन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान अंबाला मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया भी पहुंचे और उन्होंने कई मुद्दों पर विचार-विमर्श भी किया।
12 किलोमीटर पेट्रोलिंग और 8वें वेतन आयोग की मांग
सम्मेलन के दौरान रेलकर्मियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। इसमें 8 वें वेतन आयोग के तहत 1 जनवरी 2026 से नए वेतन और भत्ते लागू करने की मांग उठाई गई। वहीं ट्रैकमैन द्वारा की जाने वाली पेट्रोलिंग की अधिकतम सीमा 12 किलोमीटर तय करने और निजी के स्थान पर विभागीय पेट्रोलमैन नियुक्त करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बुनियादी ढांचे में वृद्धि के अनुसार नए पदों के सृजन और निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की गई जबकि रेलवे पास/पीटीओ में माता-पिता को शामिल करने और पॉइंट्समैन श्रेणी के लिए चार ग्रेड वेतन संरचना जारी करने का मुद्दा भी उठा। कार्यक्रम में रेल सेवा से सेवानिवृत्त होने जा रहे केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुर्जर के सम्मान में भी विचार रखे गए। इससे पूर्व, मुख्य अतिथि शिव गोपाल मिश्र के अंबाला पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह और मंडल सचिव डॉ. निर्मल सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।