नारायणगढ़। मंगलवार को नारायणगढ़ स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से मंदिर के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की।
मुख्यातिथि ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 40 हजार से अधिक कारीगर इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
सुमन सैनी ने सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे बीसी वर्ग के लिए शिक्षा ऋण, छात्रवृत्ति और डॉ. बीआर आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना (80 हजार रुपये की सहायता) की भी जानकारी दी। समारोह में भाजपा जिला प्रधान मनदीप राणा, मंदिर समिति के प्रधान अरविंद धीमान, सरिता धीमान, रानी धीमान सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। इससे पूर्व पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने भी मंदिर में माथा टेका।