नारायणगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को खंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ में किया गया। प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में अंजू बड़ागांव प्रथम, जानवी गदौली द्वितीय, तनूजा गांव चांदसौली तृतीय रहीं। 300 मीटर दौड़ में जानवी गांव गदौली प्रथम स्थान, अंजू पुत्री बड़ागांव द्वितीय और तृतीय स्थान अमिता गांव अम्बली ने प्राप्त किया। इसी प्रकार 100 मीटर दौड़ में गीता अम्बली, नीलम वार्ड-2 द्वितीय, कुसुम दनौरा तीसरे स्थान पर रहीं। साइकिल दौड़ में सिमरन कुल्लड़पुर प्रथम, सरिता वार्ड-14 नारायणगढ़ द्वितीय, नैंसी खेडकी ने तीसरा प्राप्त स्थान किया।
मटका दौड़ में मलकीत लखनौरा प्रथम, गीता अम्बली द्वितीय, जसविन्द्र खेडकी जटां तीसरे स्थान पर रहीं। चमच दौड़ में मलकित लखनौरा प्रथम, ऊषा लौटों द्वितीय और जसवीन्द्र खेडकी जटां ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों के खाते में क्रमश: 2100 रुपये, 1100 रुपये और 750 रुपये की राशि इनाम के रूप में डाली जाएगी।
खेल प्रतियोगिता का अध्यक्षता सीडीपीओ मीक्षा रंगा ने की। स्कूल के प्रिंसिपल सतपाल सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर सतपाल सिंह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलों से आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि खेलों के साथ-साथ आज प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं अपने गांव, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं। सीडीपीओ मीक्षा रंगा ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। खेल प्रतियोगिता का संचालन प्राध्यापक भूपेन्द्र नैन, नबीपुर मिडल स्कूल के पीटीआई शिव चरण, शाहपुर नुर्द सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीटीआई विनोद कुमार द्वारा किया गया।