अंबाला। छावनी में डोर-टू-डोर सुविधा के तहत घरों से कूड़े का उठान बंद हो गया है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने काम पर आने से इंकार कर दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक तीन माह की सैलरी नहीं मिलती, तब तक वो काम पर नहीं आएंगे। ऐसे में अब घरों से कूड़ा उठान न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा। मजबूरन उन्हें अब घर के बाहर गली-मोहल्ले में कूड़ा फेंकना पड़ रहा है। ऐसे में सड़क से आवागमन करने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है और कूड़े की बदबू से क्षेत्र का माहौल भी खराब हो रहा है।
डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण के ठेकेदार राहुल मलिक ने बताया कि तीन माह से निकाय विभाग की तरफ से बिल का भुगतान नहीं किया गया है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये विभाग की तरफ लंबित हैं। इस कारण कर्मचारियों को सैलरी का भुगतान नहीं हो पाया है। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी से मंत्रणा हुई है, उन्होंने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
32 वार्डाें में शुरु हुई दिक्कत : नगर परिषद के अधीन 32 वार्डों में कूड़े का उठान न होने के कारण दिक्कत शुरु हो गई है। लोगों को मजबूरन घर के कूड़े को सड़कों पर फेंकना पड़ रहा है, जबकि कुछ ने तो प्राइवेट कर्मचारियों को बुलाना शुरु कर दिया है। ऐसे में अब उन्हें भी प्राइवेट कर्मचारियों को 200 से 300 रुपये का शुल्क देना पड़ रहा है, हालांकि समस्या के समाधान को लेकर वार्ड पार्षद भी नगर परिषद की अध्यक्ष से गुहार लगा रहे हैं।