अंबाला। अंबाला में एयरपोर्ट का नाम अब डोमेस्टिक एयरपोर्ट अंबाला छावनी रखा जाएगा। इसके अलावा यहां पर सुरक्षा के लिहाज से जिन मशीनों की आवश्यकता थी उसमें से कई पहुंच गई हैं। लगेज स्कैनर मशीन, एक्सप्लोसिव जांच मशीन सहित अन्य मशीन रास्ते में है, जोकि जल्द पहुंचने वाली हैं।
दरअसल, शनिवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने एयरपोर्ट के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि यह गौरव की बात है कि अंबाला का एयरफोर्स स्टेशन देश का पहला एयरफोर्स स्टेशन है। दूसरा अब अंबाला का एयरपोर्ट भी गौरव की बात होगी। इसके आने से आसपास के क्षेत्र में कई राज्यों हवाई मार्ग से जोड़ने में मदद मिलेगी। एयरपोर्ट आगामी फरवरी माह तक संचालित करने की योजना है। इस एयरपोर्ट से हरियाणा, वेस्टर्न यूपी, पंजाब और हिमाचल का जुड़ाव होगा।
इसके अलावा इस डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर बड़े से बड़ा जहाज भी आसानी से उतर सकेंगे और किसी भी मौसम में यहां से उड़ सकेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि एयरपोर्ट का उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से करवाएं।
लोगों को होगा फायदा
पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि डोमेस्टिक एयरपोर्ट छावनी की सभी तैयारियां पूरी हैं। डिफेंस से 133 करोड़ रुपये में यहां पर एयरपोर्ट स्थापित करने के लिए जमीन ली गई है। इसके अलावा 40 करोड़ रुपये ढांचे के लिए राशि दी है और 16 करोड़ रुपये से इमारत तैयार की है। अभी यहां पर उपकरण लगने हैं, इसकी सभी तैयारियां कर ली गई हैं। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अंबाला रेलवे का पुराना जंक्शन है। कई प्रदेश इससे जुड़े हैं और डोमेस्टिक एयरपोर्ट के बनने से लोगों को काफी फायदा होगा। इससे अंबाला छावनी की सुंदरता ओर बढेगी।
स्वेच्छा से तैनात होगा स्टाफ
विज ने यह भी बताया कि पिछले दिनों वह केंद्रीय उड्डयन मंत्री से दिल्ली में मिले थे और उनसे बातचीत हुई है। इसके बाद से डोमेस्टिक एयरपोर्ट के कार्यों में तेजी भी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि यहां पर सुरक्षा की दृष्टि से पहले केंद्र की पुलिस को तैनात किया जाना था लेकिन उन्होंने उड्डयन मंत्री से इस विषय में बातचीत की है और अब यहां पर हरियाणा पुलिस की ही तैनाती होगी। इस संबंध में पुलिस कर्मचारियों को जो प्रशिक्षण दिया जाना है, उसकी ट्रेनिंग दी जा चुकी है। सुरक्षा की दृष्टि से यहां पर सारे पुख्ता इंतजाम होंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर स्टाफ को उनकी स्वेच्छा से लगाया जाएगा।
उड्डयन मंत्री से किया दो एयरलाइन का आग्रह
ऊर्जा मंत्री ने इस मौके पर यह भी बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा यहां से जो फ्लाइट चलेंगी, इसके लिए एयरलाइन से समझौता हुआ है। इसमें अंबाला और हिसार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मिलकर आग्रह किया गया है कि यहां पर इंडियन एयरलाइंस व इंडिगो जैसी एयरलाइन को भी शामिल किया जाए। निसंदेह इन दोनों एयरलाइन के आने से यहां से अन्य राज्यों के लिए भी फ्लाइट मिल सकेगी।
चाक-चौबंद होगी सुरक्षा
डोमेस्टिक एयरपोर्ट की सुरक्षा चाक-चौबंद होगी। कोलकाता से सुरक्षा की प्रमूख कड़ी बनने वाले डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर पहुंच चुके हैं। इसके अलावा कोलकाता से ही लगेज स्कैनर मशीन और विस्फोटक जांच मशीन भी आगामी दो-तीन में डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगी। इन मशीनों को इंस्टॉल करवाने का कार्य एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम की निगरानी में होगा जोकि आगामी सप्ताह एयरपोर्ट का निरीक्षण करने के लिए पहुंच रही है।
फाइल फोटो--कल्पना।