अंबाला। नगर परिषद सदर के अधीन अंबाला छावनी में बने शौचालयों की हालत दयनीय है। महिला शौचालयों पर ताले हैं। कुछ में गंदगी का आलम है तो कुछ की इमारत जर्जर हो चुकी है। बावजूद इसके इनके सुधार के लिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
इस कारण बाजार आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात अंबाला छावनी में बीडी स्कूल के पास बने शौचालय और सदर बाजार के शौचालय पर हैं। यहां महिलाओं के केबिन में ताला लटका है। अनाजमंडी में पुराने शौचालय के आगे एक बड़ा गड्ढा हो गया है और सफाई के नाम पर यहां बदबू का आलम है।
ऐसे ही हालात अंबाला छावनी के रामबाग रोड स्थित न्यू सब्जी मंडी के पास बने सुलभ शौचालय के हैं। इसी प्रकार बारह क्राॅस रोड स्थित बकरा मार्केट स्कूल के पास बने सुलभ शौचालय और हिल रोड स्थित सनातन धर्म स्कूल के पास बने सार्वजनिक शौचालय की हालत भी खस्ता है।
नगर निगम ने किया सुधार : अंबाला सिटी में कंडम और खस्ताहाल शौचालयों का सुधार नगर निगम ने कर दिया है। सिटी के अधिकांश शौचालयों को निजी हाथों में सौंपा गया है ताकि इनका बेहतर तरीके से रख-रखाव हो सके और यहां आने वाले लोगों को साफ व स्वच्छ माहौल मिल सके। हालांकि ऐसे ही कुछ शौचालय अंबाला छावनी में भी बनाए गए हैं, जिनकी देखरेख निजी ठेकेदार के कर्मचारी कर रहे हैं और यहां के हालात काफी बेहतर हैं। इनमें राय मार्केट का शौचालय, सदर बाजार में महिला शौचालय, इंदिरा पार्क में शौचालय शामिल हैं।
बाजारों से उठ रहा कूड़ा : ट्विनसिटी के बाजारों में सफाई व्यवस्था काफी हद तक दुरुस्त है। छुट-पुट गंदगी के अलावा कहीं भी गंदगी नहीं है। नगर परिषद ने बाजारों की सफाई के लिए 50 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया है जोकि सुबह आठ से छह बजे तक तैनात रहते हैं और गंदगी उठाकर डंपिंग जोन तक पहुंचाते हैं। इसी प्रकार नगर निगम ने भी बाजारों को गंदगी मुक्त करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की हुई हैं।
पीएचसी पंजोखरा साहिब में मौजूद लैब। संवाद