अंबाला। कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट में अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए अंबाला डिपो ने करीब 167 बसें लगाई हैं। इस कारण दो दिन तक पंजाब, दिल्ली, हिमाचल, राजस्थान, उत्तराखंड व अन्य लंबे मार्ग प्रभावित रहेंगे और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वह दो दिन तक यात्रा करने से बचें।
13 लाख 50 हजार देंगे परीक्षा
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला द्वारा 26 व 27 जुलाई को सीईटी की परीक्षा निर्धारित की गई है। परीक्षा में करीब 13 लाख 50 हजार अभ्यर्थियों के बैठने की संभावना है, इसमें अंबाला से करीब सात हजार अभ्यर्थी दो शिफ्टों में सुबह साढ़े सात बजे और सायंकाल शिफ्ट के लिए दोपहर साढ़े 12 बजे निर्धारित किया है। परीक्षा के लिए अंबाला सिटी बस स्टैंड, अंबाला कैंट बस स्टैंड,नारायणगढ़ बस स्टैंड, शहजादपुर बस स्टैंड से दो शिफ्टाें में सुबह पांच और सुबह नौ बजे बसों का संचालन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए बनाए गए तीन हेल्प डेस्क
अंबाला छावनी बस अड्डा, अंबाला सिटी बस स्टैंड और नारायणगढ़ बस अड्डे पर तीन हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, इसके अलावा दोसड़का चौक, मटहेड़ी शेखां चौक, कालपी चौक, साहा चौक पर भी कर्मचारी मौजूद रहेंगे जो अभ्यर्थियों को जानकारी उपलब्ध करवाएंगे।
बसों के संचालन की समय अवधि
अंबाला में नौ स्थानों से चंडीगढ़ के लिए बसों का संचालन होगा, इसमें अंबाला सिटी बस स्टैंड से सुबह पांच बजे और सुबह नौ बजे बस रवाना होगी। इसी प्रकार अंबाला कैंट बस स्टैंड से सुबह पांच बजे और सुबह नौ बजे, नारायणगढ़ बस स्टैंड से सुबह पांच बजे और सुबह नौ बजे, शहजादपुर बस स्टैंड से सुबह पांच बजे और सुबह नौ बजे, बराड़ा से अंबाला कैंट व चंडीगढ़ के लिए सुबह चार और आठ बजे, साहा से शहजादपुर वाया चंडीगढ़ के लिए सुबह चार और आठ बजे, कालपी से नारायणगढ़-चंडीगढ़ के लिए सुबह चार और आठ बजे, दाेसड़का से अंबाला कैंट-चंडीगढ़ के लिए सुबह चार और आठ बजे और मटहेड़ी शेखां से अंबाला शहर व चंडीगढ़ के लिए सुबह चार और आठ बजे बसें चलेंगी।
अंबाला डिपाे की करीब 167 बसें सीईटी के लिए लगाई जाएंगी जो अभ्यर्थियों को चंडीगढ़ लेकर जाएंगी इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों को अंबाला कैंट और अंबाला सिटी के बीच सेंटरों पर चलाया जाएगा
- विपुल नांदल, यातायात प्रबंधक, अंबाला डिपो