रोडवेज कर्मचारी महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा के साथ बैठक करते हुए। प्रवक्ता
हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की अंबाला डिपो स्थित यूनियन कार्यालय में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की बैठक अंबाला डिपो स्थित यूनियन कार्यालय में हुई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद यूनियन पदाधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं पर डिपो के महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा के साथ बैठक हुई। वार्ता के दौरान प्रबंधन ने कर्मचारियों की अधिकांश जायज मांगों को स्वीकार करते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। बैठक भारतीय मजदूर संघ के अंबाला डिपो प्रधान रविंद्र सिंह और नारायणगढ़ सब-डिपो प्रधान अमित सिंह ने संयुक्त रूप से की। राज्य कमेटी की ओर से विक्रम राणा भी मौजूद रहे।
इन मांगों पर बनी सहमति-
बैठक में कई वित्तीय और प्रशासनिक मुद्दों का मौके पर ही निपटारा किया गया, कर्मचारियों को वर्दी और जूते का पैसा इसी माह जारी कर दिया जाएगा। वर्ष 2013 से 2016 के बीच के 195 चालक-परिचालकों का बकाया भुगतान होगा। साथ ही, दूसरे डिपो में स्थानांतरित हो चुके 35 कर्मियों का बकाया भी जल्द दिया जाएगा। 12 परिचालकों और 10 चालकों की एलटीसी इसी महीने खाते में आएगी। कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों का वेतन 10 तारीख तक सुनिश्चित किया जाएगा। दो महीने का ओवर टाइम इसी माह मिलेगा, जबकि नाइट अलाउंस का भुगतान मार्च या अप्रैल तक कर दिया जाएगा, 30 लाख रुपये के मेडिकल बिल एफडी को भेज दिए गए हैं, जो मार्च अंत तक क्लीयर हो जाएंगे। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई है, जिसका लिखित पत्र महाप्रबंधक द्वारा जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सचिव पुष्पराज, राज सिंह धनोआ, तेजिंदर सिंह, राजेश कुमार सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।