अंबाला। बेटे को जॉर्डन भेजने के नाम पर एजेंट ने साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। यह मामला कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास पहुंचा तो उन्होंने एसपी को जांच कर केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। वीरवार को कैबिनेट अनिल विज ने अपने आवास पर छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इसी दौरान छावनी निवासी अंबाला छावनी निवासी व्यक्ति ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उसने अपने बेटे को जॉर्डन भेजने के लिए चंडीगढ़ स्थित एजेंट से संपर्क किया था।
आरोप है कि इस मामले में एजेंट ने उनसे करीब साढ़े तीन लाख रुपये लेने के बावजूद न तो उसके बेटे को विदेश भेजा और न ही राशि वापस की। मंत्री अनिल विज ने मामले में एसपी को जांच कर केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इसी तरह एक परिवार ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी कुरुक्षेत्र निवासी युवक से की थी। विवाह के बाद दंपती कनाडा चले गए थे। मगर एक माह बाद ही दामाद उनकी बेटी को लेकर वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर आया जिसके बाद से उनकी बेटी लापता है। इस मामले में भी मंत्री अनिल विज ने एसपी को जांच के निर्देश दिए।