फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबाला सिटी में फिर सजा एमसीए के वार्ड नंबर चार का चुनावी दंगल

Sat, 27 Feb 2016 12:23 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
आखिरकार दो साल बाद अंबाला सिटी के वार्ड नंबर चार में चुनावी दंगल सज गया है। म्यूनिसिपल कारपोरेशन अंबाला (एमसीए) के ये उपचुनाव है, जो इसी वार्ड की पार्षद रही रमा सिंगला द्वारा अपनी सीट छोड़ने की वजह से करवाए जा रहे हैं। बता दें कि वर्ष 2013 में सरकारी नौकरी लगने के बाद उन्होंने अपनी सीट छोड़ी थी, लेकिन एमसीए के वार्ड नंबर चार का ये चुनाव विधायकों, पार्षदों, पूर्व पार्षदों और मेयर के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। चूंकि वार्ड काफी महत्वपूर्ण है और सीट भी कॉफी हॉट मानी जाती है, इसलिए सिटी विधायक असीम गोयल ने खुद इस वार्ड में कमान संभाली है। लेकिन कांग्रेस ने भी वार्ड में जीत के लिए अपनी मजबूत रणनीति बनाई है। अन्य राजनीतिक दलों इनेलो, हजकां, हजपा, बसपा ने  तो फिलहाल इस चुनाव से किनारा कर लिया है। यानी कड़ा मुकाबला सीधा कांग्रेस और भाजपा का होगा।
विज्ञापन

कांग्रेस का गढ़ रहा है वार्ड चार
 इस वार्ड नंबर चार का मोर्चा भाजपा की ओर से असीम गोयल ने संभाला है। वजह है कि ये वार्ड हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है। वार्ड की सियासत में पितामह कहे  जाने वाले पूर्व पार्षद बृजलाल सिंगला इस वार्ड से लगातार चार पार्षद रह चुके हैं, जबकि एक बार सिंगला नगर परिषद के उप प्रधान भी रह चुके हैं। वर्ष 2013 में जब अंबाला में पहली बार निगम बनने के बाद म्यूनिसिपल कारपोरेशन अंबाला के चुनाव हुए तो सिंगला ने अपनी पुत्रवधु रमा सिंगला को मैदान में उतारा और रमा ने शानदार जीत दर्ज की।
लेकिन चूंकि ये उपचुनाव है इसलिए पूर्व पार्षद बृजलाल सिंगला तो मैदान से बाहर है, लेकिन उनकी गैर हाजिरी में कांग्रेस अपना गढ़ बरकरार रखना चाहती है। लेकिन भाजपा सिंगला की गैरहाजिरी का फायदा उठाकर इस बार वार्ड नंबर चार में कांग्रेस के इस किले को भेदना चाहती है, इसलिए कमान खुद सिटी विधायक असीम गोयल ने अपने हाथों में ली है।
विज्ञापन


ये प्रत्याशी इस बार ठोक रहे ताल-
भाजपा ने मीनाक्षी कपूर को मैदान में उतारा है। मीनाक्षी कपूर ने पिछली बार भी आजाद प्रत्याशी के रूप में इसी वार्ड से चुनाव लड़ा था। लेकिन रमा सिंगला के हाथों शिकस्त खाई। लेकिन इस बार वह भाजपा समर्थित होकर मैदान में उतरी है। मीनाक्षी कपूर के पति अरूण कपूर समाज सेवी है और दोनों ने कुछ समय पहले ही भाजपा ज्वाइन की है। वहीं कांग्रेस ने इस बार मेघा गोयल को मैदान में उतारा है। मेघा की सास पिछली बार आजाद चुनाव में खड़ी हुई थी, लेकिन हार गई। ससुर भी दो बार चुनाव लड़ चुकी है, लेकिन वे भी जीत नहीं पाए। लेकिन मेघा की दादी सास स्वर्ण लता जरूर एक बार इनेलो की पार्षद रह चुकी है। वार्ड में अनु नाम की महिला ने पहली बार चुनाव में बतौर आजाद प्रत्याशी ताल ठोकी है। समाज सेवी प्रवृत्ति की महिला अनु का दावा है कि उनका लक्ष्य केवल समाज सेवा है और ये काम वे बिना किसी पार्टी के साथ लगकर करेंगी।
 इस तरह दांव पर है दिग्गजों की प्रतिष्ठा
दरअसल, ये मुकाबला वार्ड में सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। इसलिए सिटी के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा की ओर से खुद भाजपा विधायक असीम गोयल समेत सभी भाजपा के पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्ष जगमोहन कुमार की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसी तरह सिटी से ताल्लुक रखने वाले  कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन हरीश सासन समेत सभी कांग्रेस के मौजूदा एमसीए पार्षदों दर्शना मेहता, पवन अग्रवाल डिंपी, हरजीत कौर पूनिया, दलीप बिट्टू चावला, रूपम गुगलानी की प्रतिष्ठा भी इस उपचुनाव की हार और जीत से जुड़ चुकी है। विधायक को जीतना इसलिए है, क्योंकि सरकार भाजपा की है और वह खुद भाजपा के हैं। लेकिन कांग्रेसियों को जीतना इसलिए है कि एमसीए के सभी वार्डों में कब्जा कांग्रेस का है और वार्ड भी कांग्रेस का गढ़ है। उधर, एमसीए के मेयर रमेश लाल मल हालांकि खुलकर किसी के भी पक्ष में नहीं दिख रहे हैं, लेकिन उनका झुकाव भी अंतत: कांग्रेस प्रत्याशी की ओर ही रह सकता है।
चुनाव में भाजपा की रणनीति
सिटी में कांटे की टक्कर बनने वाले इस मुकाबले को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। वार्ड में भाजपा के चुनाव प्रमुख विनोद गर्ग के अनुसार इस बार भाजपा वार्ड में कांग्रेस का वजूद खत्म करेगी और मुकाबला जरूर जीतेगी। उनके अनुसार वार्ड में सभी 16 बूथों पर 10-10 वर्करों की टीमें गठित हो चुकी है और उन्होंने अपना-अपना काम शुरू कर दिया है। कमान सीधे विधायक संभाल रहे हैं, लेकिन सभी वरिष्ठ नेताओं को भी मैदान में जीत के लिए काम करने को उतार दिया गया है। सांसद कटारिया भी प्रचार के लिए  पहुंच सकते हैं।
 चुनाव में कांग्रेस की रणनीति
अपने गढ़ को बचाने के लिए उतरी कांग्रेस के लिए मुकाबला इसलिए टफ होगा, क्योंकि इस बार न तो उनके पास दिग्गज पूर्व पार्षद सिंगला का साथ है और दूसरा, राज्य में उनकी सरकार भी नहीं है। फिर भी चुनाव की कमान संभाल रहे प्रदेश सचिव हरीश सासन
कहते हैं कि सिटी के सभी कांग्रेसी पार्षद समेत इसी वार्ड पूर्व पार्षदों टहलराम, बिमला देवी, विजय भसीन, धर्मपाल चड्डा, दलजीत सिंह गोगा, सन्नी मोखा, सतीश सैनी व कांग्रेसी नेता राजेश मेहता, विनोद धीमान की बैठक लेकर उन्हे उनकी ड्यूटी सौंप दी गई है। सभी पार्षद और पूर्व पार्षद मैदान में डट गए हैं।
 वार्ड नंबर चार  एक नजर-
 -एमसीए के अंतर्गत वार्ड नंबर चार अंबाला सिटी की हद में आता है।
-वार्ड नंबर चार की आबादी 24085 है, जबकि इनमें से 17531 लोगों को मत का अधिकार है।
-वार्ड नंबर चार में जट्टा पत्ती, खुरमपुर, लोहगढ़ रोड, देवी नगर, हीरा नगर, नरेश विहार, कमल नगर, शालीमार कालोनी, हरीनगर, रविदास माजरी, वाल्मीकि बस्ती, एमसी कालोनी, भाग सिंह कालोनी, अशोक विहार, विकास विहार, ओल्ड घास मंडी, कबीरनगर, गोबिंद नगर, सर्कुलर रोड, राधाकृष्ण बाजार रोड, नावल्टी रोड, नया बांस, इंद्रपुरी का एक हिस्सा, पल्लेदार मोहल्ला, कलालमाजरी का एक हिस्सा, ओल्ड अनाज मंडी, टाकिज रोड, सराय, कोतवाली बाजार व रेलवे रोड का कुछ हिस्सा शामिल है।
-इस वार्ड में पहली बार म्यूनिसिपल कारपोरेशन अंबाला के चुनाव 2 जून 2013 को हुए थे।
-अब वार्ड में 6 मार्च 2016 को फिर से उपचुनाव है, तीन प्रत्याशी मैदान में हैं और आज नामांकन वापस लेने की  आखिरी तारीख है।
 वर्ष -2013 चुनाव का फ्लैशबैक-
-पिछली बार  वर्ष 2013 में हुए निगम चुनाव के अंतर्गत इस वार्ड में 8 प्रत्याशी मैदान में थे, इस बार केवल तीन प्रत्याशी है
-रमा सिंगला वार्ड की पार्षद बनी थी, उन्हें 3952 वोट मिली थी।
-इसी तरह अन्य प्रत्याशियों कांता रानी को 1821, बिमला देवी को 94, मीनाक्षी कपूर को 2543, रीटा चोपड़ा को 841, वंदना को 274, शैलिका भसीन को 617, सुरेश कुमारी को 404 वोट प्राप्त हुए थे।
-पिछली बार कुल 10546 वोटरों ने अपने मत का इस्तेमाल किया था।
---
इधर, चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी को नोटिस
 उधर, वार्ड नंबर चार में उपचुनाव की बिसात बिछ चुकी है। लेकिन प्रतिद्वंदियों ने भाजपा की प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर के लिए नया विवाद खड़ा कर दिया है। इसकी शिकायत डीसी व डीसीपी तक दे दी गई है। कांग्रेसी नेता ने मीनाक्षी कपूर द्वारा दाखिल किए आठवीं कक्षा के सर्टिफिकेट को चैलेंज किया है। जिसके चलते रिटर्निग अधिकारी एवं एसडीएम कैप्टन शक्ति सिंह ने भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर को नोटिस जारी करते हुए अपना पक्ष रखने को कहा है। वहीं दूसरी ओर मिनाक्षी कपूर ने कांग्रेसी नेता द्वारा लगाए गए आरोपों को आधारहीन बताया और कहा कि कांग्रेस हार के डर के कारण ऐसी झूठी शिकायतें कर रही है।
शिकायतकर्ता कांग्रेसी नेता सुरेंद्र ढींगरा का कहना था कि  वार्ड नंबर 4 से भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर के नामांकन संबंधी दस्तावेजों में लगाए गए आठवीं के प्रमाण पत्र कई खामियां है। उनका दावा है कि उनका सर्टिफिकेट फर्जी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिटर्निग अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने इस संबंध में मिनाक्षी कपूर को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। वहीं भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर का कहना है कि यदि उनका सर्टिफिकेट फर्जी निकालता है तो वह हर सजा भुगतने के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें