राजेश शांडिल्य
अंबाला। करीब तीन करोड़ की लागत से बनाए जा रहे भव्य स्वागत द्वार का काम पूरा होने में अब सेफ्टी ऑडिट का पेंच फंस गया है। यानी तब तक स्वागत द्वार को और भव्य बनाने के लिए लगाई जाने वाली एसीपी शीट का काम शुरू नहीं हो पाएगा। आईआईटी रुड़की के सिविल डिपार्टमेंट को स्वागत द्वार का सेफ्टी ऑडिट करना है, मगर एजेंसी की ओर से उसकी फीस तय करने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। वहीं छावनी के रेलवे स्टेशन के सामने अंबाला-जगाधरी मार्ग पर निर्माणाधीन स्वागत द्वार की शटरिंग और डिवाइडर लगे होने के कारण मार्ग संकरा बना हुआ है। इस कारण यहां रोजाना जाम के हालात रहते हैं।
गौरतलब है कि सितंबर 2019 में इस द्वार की आधारशिला रखी गई थी। बीच में कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन में स्वागत द्वार का काम रुक गया था। कोरोना के मामले कम होने के बाद काम ने रफ्तार पकड़ी। वहीं कई बार स्वागत द्वार के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर इसे जल्द पूरा करने के एलान प्रशासनिक अधिकारी कर चुके हैं। एक माह पहले 11 फरवरी को उपायुक्त विक्रम सिंह ने मौके का निरीक्षण कर 28 फरवरी तक स्वागत द्वार को पूरा करने की चेतावनी दी थी। अब 11 दिन बाद मार्च में भी इसके पूरे होने के हालात नहीं दिख रहे हैं। हालांकि एक बार फिर अधिकारी दावा कर रहे हैं कि 31 मार्च तक इसका कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
आईआईटी रुड़की को लिखा पत्र : विकास धीमान
नगर परिषद अंबाला के एक्सईएन विकास धीमान ने बताया कि डीसी ने स्वागत द्वार को फाइनल टच देने से पहले इसका सेफ्टी आडिट कराने को कहा था। धीमान के मुताबिक उन्होंने स्वागत द्वार के सेफ्टी ऑडिट के लिए आईआईटी रुड़की को पत्र लिखा है। इसकी फीस तय करने के बाद 10 से 15 दिन के भीतर सेफ्टी ऑडिट होगा। धीमान ने बताया कि इसके बाद ही स्वागत द्वार पर एसीपी शीट्स लगाने का कार्य शुरू होगा, तब तक अन्य काम निपटा लिए जाएंगे।
यह होगी इस स्वागत द्वार की विशेषता
करीब 45 फुट ऊंचा यह स्वागत द्वार काफी भव्य होगा। पत्थर के स्तंभ और स्वागत द्वार के शीर्ष पर रथ के पहिये के आकार का चक्र होगा। जिस पर विशाल धनुष दिखेगा, जबकि स्वागत द्वार पर फव्वारों के अलावा, फैंसी लाइट्स और अन्य प्रावधान भी किए गए हैं। यहां पर अलग-अलग किस्म के पौधे लगेंगे। कुछ पौधे अभी लगाए जा चुके हैं। रात के समय स्वागत द्वार पर रंग-बिरंगी रोशनी होगी। जीटी रोड से छावनी की ओर प्रवेश करते समय एक अलग नजारा यहां पर देखने को मिलेगा।