अंबाला। नकली नोट के मामले में पकड़े गए आरोपी रेल कर्मचारी देवेंद्र यादव का वीरवार को रिमांड खत्म हो गया। आरोपी को रेलवे कोर्ट में सचिन त्यागी के समक्ष पेश किया गया, यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तीन दिन के रिमांड के दौरान जीआरपी ने आरोपी के घर सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन कहीं से भी नकली नोट आदि बरामद नहीं हुए, वहीं कैंट रेलवे स्टेशन के अनारक्षित केंद्र पर भी आरोपी रेल कर्मचारी को ले जाया गया और यहां भी कर्मचारी की कार्यशैली से संबंधित जानकारी हासिल की गई।
यह था मामला
घटना एक दिसंबर को कैंट रेलवे स्टेशन पर घटित हुई थी। काउंटर पर बैठे रेल कर्मचारी देवेंद्र यादव ने चार श्रमिकों से असली नोट लेकर उन्हें नकली नोट थमा दिए थे। जब मामला बढ़ा और शिकायत रेलवे अधिकारियों तक पहुंची तो आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जीआरपी को शिकायत दी गई। इसमें श्रमिकों द्वारा दी गई शिकायत के साथ नकली नोट भी जीआरपी के सुपुर्द किए गए थे।
रिमांड के दौरान आरोपी रेल कर्मचारी से गहनता से पूछताछ की गई थी, लेकिन उससे न तो नकली करंसी मिल पाई और न ही कोई अन्य सबूत। इसलिए वीरवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
हरीश कुमार, प्रभारी जीआरपी, अंबाला।