अंबाला सिटी। जिले के कॉलेजों के साथ ही राजकीय आईटीआई में काउंसलिंग शुरू हो गई। पहले मेधा सूची कम अलॉटमेंट में आए अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच की जा रही है। दस्तावेज की जांच के बाद अभ्यर्थी को सीट अलॉट होगी। इसके बाद अभ्यर्थी फीस भरकर दाखिला ले सकेगा। यह प्रक्रिया 8 जुलाई तक चलेगी। संस्थान में 1188 सीट में से 619 सीट अलॉट हो चुकी हैं। फीस जमा करवाने पर ही अभ्यर्थी की सीट भरी मानी जाएगी। वहीं, जिले के कॉलेजों में भी दूसरी मेधा सूची जारी हो चुकी है।
जिले के कॉलेजों में दूसरी अंतिम सूची के बाद सीट खाली होने पर 9 जुलाई को व्यक्तिगत काउंसलिंग के तहत सीट को भरा जाएगा। इसके बाद 10 जुलाई को आवेदन के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। 11 जुलाई से 17 जुलाई तक 100 रुपये की लेट फीस के साथ मेरिट में आने वाले अभ्यर्थी दाखिला करवा सकेंगे। अगर सीट मिलने के बाद भी अभ्यर्थी फीस जमा नहीं करवाता तो उसकी सीट रद होगी।
8 जुलाई को जारी होगी डिप्लोमा इंजीनियरिंग की मेधा सूची
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान व कल्पना चावला राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान में 3 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए। इसके बाद 5 जुलाई तक फार्म को ऑनलाइन सत्यापित किया जाएगा। इसमें अभ्यर्थी के ऑनलाइन दिए गए दस्तावेज को जांचा जा रहा है। इसके बाद 8 जुलाई को मेधा सूची यानि रैंक जारी होगा। 10 से 15 जुलाई तक पहली ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। जिसमें अभ्यर्थी ऑनलाइन अपने कोर्स का विकल्प चुन सकेंगे। रैंक के आधार पर अभ्यर्थी को दाखिला दिया जाएगा। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान शहर में तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स में 1010 आवेदन फार्म और डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री में 203 आवेदन सत्यापित होंगे।
वर्जन
आवेदन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों के आवेदन को सत्यापित किया जा रहा है। इसके बाद रैंक जारी होगा और काउंसलिंग शुरू होगी।
प्रोफेसर धर्मवीर सैनी, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, अंबाला शहर।