अंबाला सिटी। पॉलिटेक्निक दोनों काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कई छात्रों को काउंसलिंग के आधार पर सीट अलॉट हो गई है, तो कई को काउंसलिंग में सीट नहीं मिल सकी है। जिन विद्यार्थियों को सीट नहीं मिल सकी है। ऐसे विद्यार्थियों को आज 30 सितंबर और कल 1 अक्तूबर तक ओपन काउंसलिंग में दाखिला लेने का मौका मिलेगा।
यह जानकारी देते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक अंबाला सिटी के प्राचार्य राजीव सपरा ने बताया कि आवेदक आकर काउंसलिंग में भाग ले सकता है। काउंसलिंग में चयन हो जाने के बाद फीस जमा करवाते ही छात्रों का दाखिला पक्का हो जाएगा। बता दें कि जिले की दोनों पॉलिटेक्निक में इस समय विभिन्न ट्रेड में कुल 304 सीट खाली हैं। इन सभी सीट पर दाखिला लेने के लिए पॉलिटेक्निक द्वारा 28 सितंबर की दोपहर दो बजे तक आवेदन फार्म मांगे गए थे। इस समय तक जिन छात्रों ने आवेदन जमा करवाएं हैं उन्हें काउंसलिंग फीस जमा करवाने के साथ ही काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने का मौका मिलेगा। दाखिला इंचार्ज धर्मवीर का कहना है कि यह छात्रों के पास सुनहरा अवसर है कि उन्हें ओपन काउंसलिंग में दाखिला लेने का मौका मिल रहा है।
डिप्लोमा इंजीनियरिंग में यह है स्थिति
राजकीय पॉलिटेक्निक अंबाला सिटी की बात करें इस समय इस पॉलिटेक्निक में केवल 185 सीट ही खाली रह गई है। आर्किटेक्चर में 22, ऑटोमोबाइल में 22, सिविल में 33, कंप्यूटर में 4, इलेक्ट्रिकल में 16 तो मेकैनिकल में 31 ऐसे ही कल्पना चावला राजकीय पॉलिटेक्निक में कंप्यूटर में 37, एमएलटी में 2, ओएमसीए में 9, इलेक्ट्रानिक्स में 41, एफएए में 7, लाइब्रेरी साइंस में 25 सीट खाली हैं। जिन पर ओपन काउंसलिंग में दाखिला होगा।
30 सितंबर और 1 अक्तूबर को ओपन काउंसलिंग होगी, जिस दौरान खाली सीटों के लिए दाखिला शुरू होगा। इसमें सभी सीट भर जाने की उम्मीद है।
- राजीव सपरा, प्राचार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक अंबाला सिटी।