अंबाला सिटी। मनमोहन नगर इलाके के एक घर में घुसकर महिला व बेटी पर दो युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बेटी को अपने घर में बंधक बनाकर रखा व उसे शराब पिलाकर नशें की चीजें दीं। बलदेव नगर थाना पुलिस ने पीड़िता मनमोहन नगर निवासी महिला की तहरीर पर सुल्तानपुर निवासी विकास व मलेरकोटला निवासी कृष सहित अन्य पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। पीड़िता का आरोप है कि विकास ने उनकी बेटी को अपने झांसे में लिए हुए है। अपने घर पर रातभर रखा व उसे शराब व अन्य नशे की चीजें पिलाईं। 15 अप्रैल 2026 को जब विकास उनके घर आया तो विरोध करने पर उसे धमकाया व मारपीट की। धमकाया कि वह उसकी बेटी को मलेरकोटला ले जाकर दोस्त से शादी करवाएगा। यह कार्रवाई जबरन घर में घुसना की धारा 331, महिला की शालीनता को ठेस पहुंचाना 74, मारपीट करना 115, धमकी देना 351(2) के तहत की गई है।
फॉर्च्यूनर सवार युवक के गले से झपटी सोने की चेन
अंबाला सिटी। साढ़ोपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े फॉर्च्यूनर गाड़ी से रुके शिवालिक कॉलोनी निवासी मुकुल सिंगला के गले से बाइक सवार झपटमार सोने की चेन ले गया। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब कुछ युवक खोखे के बाहर सरेआम स्टूल रखकर जुआ खेल रहे थे। पीड़ित मुकुल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मुकुल सिंगला ने बताया कि वीरवार दोपहर करीब 3:40 बजे वह अपने दोस्तों के साथ अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर साढ़ोपुर गया था। चूना भट्टी के पास बने चाय के खोखे पर गाड़ी रोकी। खोखे से सिगरेट लेकर पीने लगा था कि बाइक व कार में सवार कुछ युवक आए और टेबल पर जुआ खेलने लगे थे, तभी एक युवक ने करीब 15 से 20 हजार रुपये का बड़ा दांव लगाया हुआ था। मुकुल गेम को करीब से देखने के लिए टेबल पर थोड़ा आगे झुका तो उसकी टी-शर्ट के अंदर से सोने की चेन बाहर दिखने लगी। इसी बीच एक आरोपी चेन झपटकर भाग गया।
मल्टी लेवल पार्किंग में चोरी करने आया युवक रंगे हाथ पकड़ा
अंबाला। मल्टी लेवल पार्किंग में पिछले कई दिनों से लोहा व सरिया चोरी कर रहे चोर को पार्किंग स्टाफ ने रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी बुधवार सुबह एक बार फिर चोरी के इरादे से पार्किंग की छत पर घूम रहा था, तभी मैनेजर ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ा। पूछताछ में मोची मंडी निवासी ऋतिक ने कबूला कि उसने पार्किंग से पहले भी 2-3 बार लोहा, सरिया व टीवी चुराया था। पुलिस ने ऋतिक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पालम विहार निवासी रजत पासी ने बताया था कि वह एडीएमएस इंटरप्राइजेज कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। इस कंपनी ने नगर निगम अंबाला से सरकारी मल्टी लेवल पार्किंग का ठेका लिया हुआ है और फिलहाल वहां निर्माण का काम चल रहा है। पिछले कई दिनों से निर्माण स्थल से करीब 10 से 12 हजार रुपये कीमत का लोहा और सरिया लगातार चोरी हो रहा था।