अंबाला। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को औद्योगिक सुरक्षा एवं कैमिकल में कार्यरत लैब अटेंडेंट, सेवानिवृत्त लेखाकार सहित दो दलालों को गिरफ्तार किया। मामला वर्ष 2018 का है। हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड पंचकूला में श्रमिक यूनियन से जुड़े दो दलालों ने लैब अटेंडेंट और तत्कालीन लेखाकार से मिलकर सरकारी राजस्व का गबन कर दिया। आरोपियों को एसीबी बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी।
दरअसल वर्ष 2018 में औद्योगिक सुरक्षा एवं कैमिकल में कार्यरत लैब अटेंडेंट राकेश कुमार, दलाल कैथल के रसूलपुर गांव निवासी भीम सिंह, नैना गांव निवासी सुंदर लाल व अन्य के साथ मिलकर चार मृतकों के आश्रितों के आवेदन स्वयं भरकर लाभ ले लिया। दोनों दलाल हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड पंचकूला में श्रमिक यूनियन के पदाधिकारी थे।
आरोपियों ने चारों मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्रों में मृत्यु की तिथि में कटिंग कर परिवर्तन कर दिया। इस कार्य में विभाग के तत्कालीन लेखाकार रमेश कुमार वर्मा ने भी आरोपियों की मदद की। ऐसे में आरोपियों ने 1.15 लाख रुपये की बजाए 2.15 लाख रुपये का गबन कर लिया। इन एजेंटों के माध्यम से लैब अटेंडेंट राकेश कुमार ने प्रति केस 35 हजार से 70 हजार रुपये तक की रिश्वत ली गई। इस संबंध में 20 जनवरी 2020 को एसीबी ने धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।