अंबाला। सुंदर नगर में 21 दिसंबर 2021 को एक बंद मकान में मिली महिला की गली-सड़ी लाश के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी डॉ. तुषार सरकार बंगाली को पुलिस ने काबू कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में पश्चिम बंगाल के जिला चौबीस परगना गांव कृष्णा नगर निवासी तुषार सरकार ने खुलासा करते हुए बताया कि यह महिला उसकी पत्नी नहीं बल्कि प्रेमिका थी। छावनी के सुंदर नगर स्थित मकान में वह लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घरेलू कलह के चलते उसने पत्नी की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी।
डेढ़ माह के बाद शव की बदबू बाहर फैली
वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर बंद कर अपने घर बंगाल चला गया था। हत्या के तुरंत बाद इसलिए पता नहीं चला कि डॉक्टर के घर आसपास का कोई नहीं आता था। जैसे ही करीब डेढ़ माह के बाद शव की बदबू बाहर फैली तो उसका खुलासा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर डॉ. तुषार सरकार की तलाश शुरू कर दी थी। पड़ाव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश का कहना है कि आरोपी से रिमांड के दौरान हत्या के दौरान इस्तेमाल किए गए दुपट्टे की बरामदगी की जाएगी। साथ ही कई सवालों के जवाब पूछे जाएंगे।
महिला की गर्दन टूट गई थी
अंबाला कैंट सुंदर नगर के बंद मकान में मिले शव ही पहले तो पहचान ही नहीं हो रही थी कि यह महिला का है या पुरुष का। हत्या है या फिर आत्महत्या। चादर में लपेटने के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट ने खुलासा किया था कि करीब डेढ़ माह पहले महिला की गला घोटकर हत्या की गई थी। डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया है कि महिला की गर्दन टूट गई थी। गले पर स्क्रैच के निशान थे। हत्या से जुड़े कई सुराग मिले थे। डॉक्टरों ने महिला का डीएनए टेस्ट भी भेजा था। शव की पाजेब, कपड़ों आदि पुलिस को सौंप दिया था। ऐसे में पुलिस ने हत्या की धारा 302 दर्ज कर ली थी।
करीब पांच माह से डॉ. तुषार संग रहती थी महिला
प्राथमिक पूछताछ में डॉ. तुषार बंगाली ने बताया कि उसकी शादी के बाद दो बच्चे थे और वो बंगाल में ही रहते थे। बाद में पत्नी चली गई थी। वह करीब 10 साल से अंबाला में सेवा समिति चौक के पास ही एक क्लीनिक चलाता है और झोलाछाप डॉक्टर था। इस बीच हत्या के करीब पांच माह पहले ही वह अपनी प्रेमिका को अंबाला लेकर आ गया था और लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा थी। क्रिसमस को लेकर सुंदर नगर में ही चर्च की तैयारियां चल रही थी। 21 दिसंबर की देर शाम को अचानक पास्टर को बंद मकान में से बदबू आई। पुलिस ने आने के बाद बंद मकान का दरवाजा खोला तो शव मिला था।