अंबाला। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को डेढ़ लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा को आमजन तक पहुंचाने के लिए अंबाला पुलिस ने गोष्ठी बुलाई। अंबाला उप- पुलिस अधीक्षक यातायात अंबाला रमेश कुमार ने अपने कार्यालय में पायलट स्कीम फार कैशलेस ट्रीटमेंट के संबंध में सभी प्रबंधक थाना व थानों में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों को जानकारी दी। रमेश कुमार ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा हरियाणा में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के कैशलैस, निशुल्क उपचार के लिए शुरू किए पायलट प्रोजेक्ट के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
घायल व्यक्ति का डेढ़ लाख रुपये तक या दुर्घटना की तिथि से अधिकतम सात दिनों की अवधि तक का उपचार निशुल्क किया जाता है। इसके लिए हरियाणा में 1228 सरकारी व निजी अस्पतालों को अनुबंधित किया गया है। इस योजना को आयुष्मान भारत योजना के साथ जोड़ा गया है। इस योजना को हरियाणा पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लागू किया जा रहा है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का डेढ़ लाख रुपये तक का खर्चा सरकार द्वारा उठाया जा रहा है।