संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रंगिया मंडी अंडरपास से अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-44 तक आवागमन करने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।
डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर की नई रेलवे लाइन के दोनों ओर 6.02 करोड़ रुपये से सड़क निर्माण के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
प्रस्ताव के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि रेलवे से 35 वर्षों की लीज पर ली जाएगी। इसके लिए रेलवे ने सहमति जताते हुए अनुमानित लागत का ब्योरा साझा किया है। इंजीनियर शाखा की रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे को लीज और अन्य शुल्क के रूप में 2.28 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना तय हुआ है।
सड़क का निर्माण नई बिछाई गई रेलवे लाइन के दोनों तरफ किया जाएगा। इससे रंगिया मंडी व नन्हेड़ा क्षेत्र से हाईवे तक का सफर कम समय में पूरा हो सकेगा।