अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित काली पलटन पुल के निकट पंजाब के खरड़ निवासी इंद्रजीत सिंह को 200 ग्राम चरस सहित काबू किया। आरोपी का बैग सीआईए-2 की टीम खंगाला तो उसमें चरस के इलावा कई देशों की करंसी भी मिली। इसमें भारतीय करंसी के 3 लाख 33 हजार रुपये थे। इसके अलावा 2 हजार 46 अमेरिकी डॉलर, 3285 रुपये (नेपाली करंसी), 15 रियाल (सऊदी अरब की करंसी), 5 दिरहम का एक नोट (यूएई) बरामद हुए हैं। साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए।
पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शनिवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। सीआईए-2 की टीम ने सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की थी। पता चला था कि आरोपी नशीला पदार्थ चरस बेचने का धंधा करता है।
हिमाचल प्रदेश के कसोल से यूपी देने जा रहा था चरस
सीआईए-2 की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के कसोल से यूपी चरस देने के लिए जा रहा था। आरोपी पर 2001 में वेलेंटाइन डे के दिन दोस्त की हत्या व एक किडनैपिंग का मामला चल रहा है। इन केस में वह जमानत पर चल रहा था। सीआईए-2 की टीम आरोपी से चरस के साथ-साथ बरामद हुई अलग-अलग देशों की करंसी के बारे में भी पता करेगी कि आखिर वह कहां से आई और उसका क्या किया जाना था। साथ ही मुख्य नशा तस्कर तक भी पहुंचा जाएगा।