धीन में चाकू लगने के बाद उपचाराधीन युवक। संवाद
- फोटो : 1
मुलाना। धीन गांव के पास खेतों में रहने वाले मजदूरों के बीच होली के मौके झगड़ा हो गया। किराये पर रह रहे एक युवक ने बिहार निवासी मजदूर पर चाकू से हमला कर दिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया जोकि एमएम अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नेपाल निवासी राम प्रवेश राम ने बताया कि वह धीन गांव में नरेश कुमार के खेतों में मजदूरी करता है और अन्य मजदूरों के साथ ट्यूबवेल पर रहता है।
चार मार्च को दोपहर करीब 1 बजे होली के अवसर पर सभी मजदूर रणजीत के ट्यूबवेल पर त्योहार मनाने के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान बराड़ा में रहने वाला गनौर भगत उर्फ राजू भी वहां आ गया। खाना खाते समय किसी बात को लेकर गनौर भगत और नरेश राम के बीच कहासुनी हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद में गनौर भगत ने माफी मांग ली और वहां से चला गया। शिकायतकर्ता के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे सभी लोग दोबारा खाना खाने के लिए एकत्र हुए। इसी दौरान गनौर भगत अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और कुछ देर बाद अचानक गुस्से में आकर उसने अपनी जेब से चाकू निकाल लिया। उसने नरेश राम पर जान से मारने की नीयत से पेट के बांई ओर वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से मोटरसाइकिल सहित भाग गया। घटना के बाद घायल नरेश राम को एम्बुलेंस की मदद से एमएमयू अस्पताल मुलाना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में भर्ती कर लिया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके पेट में चाकू का गहरा घाव पाया गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।