फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेंटर में तीमारदारों के लिए बनेगा सौ बेड का हॉस्टल

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। कैंसर मरीजों के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में बना अटल कैंसर केयर टर्सरी सेंटर जनता को समर्पित हो गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा ने सोमवार को 72.11 करोड़ रुपये की लागत से बने अस्पताल का शुभारंभ किया। अत्याधुनिक केंद्र के साथ मरीजों के साथ आने वाले अटेंडेंट की सुविधा के लिए 100 लोगों की क्षमता का हॉस्टल भी बनाया जाएगा ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृहमंत्री अनिल विज ने उद्घाटन के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया। कैंसर मरीजों को दी जाने वाली ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थिएटर को देखा। साथ ही उन्होंने करोड़ों की लागत से लगी आधुनिक मशीनों का जायजा लिया।
विज्ञापन

कैंसर के संपूर्ण इलाज के लिए दुनिया की नवीनतम तकनीक वाली दो मशीनें पॉसिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी और सिंगल फोटॉन एमिशन टोमोग्राफी लगाई जाएंगी। इनकी लागत 34 करोड़ रुपये है। स्टेज तीन और चार के कैंसर मरीजों को प्रदेश सरकार द्वारा ढाई हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।
जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों की बदौलत ही हरियाणा में उत्तर भारत का सबसे बड़ा कैंसर केयर केंद्र बनकर तैयार हुआ है। इससे पहले जेपी नड्डा नई दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस से सुबह 17 मिनट की देरी से 10 बजकर 37 मिनट पर अंबाला रेलवे स्टेशन पहुंचे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज आदि ने जेपी नड्डा का स्वागत किया। दो हजार से अधिक बाइक के काफिले के साथ रेलवे स्टेशन से आयोजन स्थल तक जेपी नड्डा पर फूलों से वर्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर हरियाणवी अंदाज में उनका स्वागत किया गया। हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया।
विज्ञापन

इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को भी पगड़ी पहनाई। समारोह के उपरांत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गृहमंत्री अनिल विज की शास्त्री कॉलोनी में रेड कारपेट पर जोरदार स्वागत हुआ। जेपी नड्डा ने गृह मंत्री आवास पर जलपान किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री कंवर पाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल, सांसद रतनलाल कटारिया, सांसद नायब सिंह सैनी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओपी यादव, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, खेल एवं युवा मामलात राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, विधायक असीम गोयल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ आदि मौजूद रहे।
प्रदेश के हर जिले में 2025 तक बनेंगे मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि प्रदेश के हर जिले में 2025 तक मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। सरकार ने एमबीबीएस की सीटें बढ़ाई हैं और भविष्य में भी इन सीटों को बढ़ाया जाएगा ताकि डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सके। जल्द ही प्रदेश में 1000 की जनसंख्या के ऊपर एक डॉक्टर के पैमाने को पूरा किया जाएगा। कैंसर का इलाज आयुष्मान योजना के अंतर्गत मुफ्त होगा। इसके तहत पांच लाख रुपये तक के इलाज का खर्च वहन होगा। जल्द ही छावनी में बने अटल कैंसर केयर केंद्र को आयुष्मान भारत योजना की लिस्ट में शामिल किया जाएगा। इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए होगी मैपिंग
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पूरे प्रदेश की मैपिंग की जाएगी। किस क्षेत्र में कितनी पीएससी, सीएससी, अस्पताल, आईसीयू, सीसीयू और मशीनें चाहिए, इसकी जानकारी ली जाएगी। उसी अनुसार सेवाएं मुहैया होंगी। हरियाणा एकमात्र ऐसा प्रदेश होगा जहां इस प्रकार की मैपिंग करवाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने हर जिले में डायलसिस सेंटर खोलने का काम किया है। पांच जिलों में एमआरआई, चार जिलों में कैथ लैब खोली गई हैं। बाकी जिलों में इन लैब को खोलने के लिए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। हम प्रत्येक नागरिक अस्पताल में आईसीयू और सीसीयू बनाना चाहते हैं।
अस्पताल में मरीजों की जांच के लिए ये मशीनें
हाई एंड मल्टीपल एनर्जी लीनियर एक्सीलेटर मशीन, कीमत लगभग 22 करोड़ रुपये
ब्रेकी थेरेपी मशीन, कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये
सीटी सिम्युलेटर, कीमत लगभग नौ करोड़ रुपये
यह मिलेंगी सेवाएं
रेडियोथेरेपिस्ट, मेडिकल फिजिसिस्ट, आरटीटी आदि अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें विभिन्न विशिष्ट पद (सर्जिकल, मेडिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट, रेडिएशन फिजिसिस्ट कम आरएसओ, रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजिस्ट) और अन्य पद सृजित किए गए हैं। इस अटल कैंसर केयर केंद्र में कैंसर रोगियों को ओपीडी, आईपीडी, प्रशामक देखभाल सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें