लाडवा। डीग गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के लिए भूमि पूजन करते हुए सुमन सैनी। विज्ञप्
लाडवा। गांव डीग में दो एकड़ भूमि पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा, जिस पर 4.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह केंद्र बनने के बाद आसपास के 26 गांवों के लोगों को फायदा होगा। स्वास्थ्य केंद्र के लिए वीरवार को भूमि पूजन किया गया, जिसके लिए आयोजित समारोह में बतौर मुख्यातिथि राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी पहुंचीं।
कार्यक्रम में सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विजन स्पष्ट रहा है कि स्वास्थ्य और शिक्षा हर नागरिक का पहला अधिकार है। वे मानते हैं कि हमारी सरकार का कर्तव्य है कि आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी बेहतरीन सुविधाएं पहुंचे। यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उसी सोच का परिणाम है। यह दिखाता है कि शहर और गांव के बीच कोई अंतर नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह पीएचसी 26 गांवों की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। यह हेल्थ सेंटर शुरू होने से गांव डीग सहित आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और नजदीकी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। छोटे-मोटे इलाज या स्वास्थ्य जांच के लिए दूर शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसी तरह के विकास कार्य लाडवा क्षेत्र के सभी गांवों में किए हैं। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन अमित व सरपंच नेहा भी मौजूद रहे।
दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण कार्य
पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ धर्मवीर आर्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि 4.86 करोड़ रुपए की लागत से पीएचसी का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसमें मेल वार्ड, फीमेल वार्ड, तीन ओपीडी, दो डिस्पेंसरी, बेबी क्लीनिक, दो एलडीआर, दो हॉल, दो स्टोर, एक हेल्थ वेलनेस सेंटर, एक मीटिंग हाल और एक कंटीन का निर्माण किया जाएगा।