संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। इंदिरा चौक स्थित एक नामी जूलरी शोरूम संचालक से करीब 40 लाख रुपये का सोना ठग लिया। आरोपी 51.57 करोड़ की अन्य ठगी में भी शामिल है। आरोपी ने व्यापारी का भरोसा जीता फिर 40 लाख का सोना खरीदकर दो से तीन दिनों के भीतर रकम बैंक खाते में ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया।
बाद में बार-बार फोन करने पर भी वह बहाने बनाता रहा। इस मामले में कारोबारी अर्पित विंदलस ने नई दिल्ली ईस्ट पटेल नगर 6/8 निवासी मोहित गोगिया के खिलाफ शिकायत दी है। अर्पित विंदलस का आरोप है कि मोहित पर पहले भी करोड़ों की धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
अंबाला एसपी को शिकायत देने के बाद आर्थिक अपराध शाखा की जांच पर छावनी थाना पुलिस ने आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के दौरान कारोबारी ने बताया कि उन्हें पता चला कि आरोपी एक शातिर ठग है। उस पर दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब के जीरकपुर सहित कई शहरों के थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं। आरोपी करीब 51.57 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय घोटालों में भी शामिल रहा है।