अंबाला। अंबाला कैंट के आधे इलाके में शनिवार को दस घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली कट की वजह से जहां लोगों और कारोबार में बेहाली का आलम छाया रहा। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक कारोबार भी प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, धूलकोट पॉवर हाउस में भाखड़ा से बिजली सप्लाई की 11केवी की एक अंडर ग्राउंड लाइन एक जेसीबी मशीन की खुदाई की वजह से कट गई। जेसीबी मशीन जब खनन कर रही थी तो उस समय अंडर ग्राउंड लाइन कट गई। यह अंडरग्राउंड वायर अंबाला कैंट वन फीडर की थी। इससे बीसी बाजार, राय मार्केट, सदर बाजार, न्यू सदन बाजार, पंजाबी मोहल्ला, निकलसन रोड, बैंक रोड, स्टाफ रोड, पुराना बर्फखाना, रंधावा मार्केट, ईदगाह रोड इत्यादि इलाकाें में बिजली सप्लाई होती है। लाइन कटने की सूचना तुरंत महकमे के आला अफसरों को दी गई। जिसके बाद विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करवाया। सुबह दस बजे कटी लाइन को करीब रात आठ बजे ठीक किया गया, जिसके बाद बिजली सप्लाई बहाल हो पाई।
कट की वजह से लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ी। दस घंटे तक लगे कट से लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। कट की वजह से जहां बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कारोबार भी बहुत ज्यादा प्रभावित हुआ। इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में पूरा दिन काम ठप रहा। शाम होते ही बाजारों में अंधेरा पसरा रहा। कारोबारी अजय गुलाटी, मनिंद्र सिंह आनंद, भरत कोहली और बलजिंद्र सिंह ने बताया कि बिजली विभाग को इस तरह की इमरजेंसी से निपटने के लिए कोई विकल्प रखना चाहिए। इस तरह दस-दस घंटे के कट लगते रहे तो कारोबारियों को बहुत नुकसान होगा।
जेसीबी मशीन से अंडरग्राउंड 11केवी की लाइन कटने की वजह से ऐसी समस्या पेश आई है। अफसरों ने खुद मौके पर पहुंचकर इस सप्लाई को दुरुस्त करवाया। लोगों की परेशानी के लिए महकमे को खेद है।
निर्मल सिंह, एडीओ, बिजली विभाग