साहा। पुलिस ने वाहन चोरी के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को काबू किया गया है, जिन पर क्षेत्र से एक डंफर चोरी का आरोप है। बताया जाता है कि यह आरोपी कार में आए थे, जिसके बाद यह डंफर चोरी किया गया, जिसे लालडू़ के पास तोफापुर क्षेत्र में बेचने के लिए खड़ा किया गया। किसी ने इस कार का नंबर पुलिस को दे दिया, जिसके बाद इस कार को ट्रेस कर पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है।
मिठ्ठापुर क्षेत्र की एक एजेंसी पर आए डंफर को तीन दिन पूर्व चोरी कर लिया गया, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने इसी शिकायत के आधार पर अपनी जांच शुरू की। जांच में पुलिस को उस कार का नंबर पता चल गया, जो उस रात इस चोरी में इस्तेमाल की गई। बस इसी कार नंबर पर ही पुलिस का सारा केस चला। पहले तो पुलिस ने इस कार को ट्रेस किया और फिर कार मालिक को काबू किया। इसके बाद हुई पूछताछ में दो अन्य आरोपी भी काबू किए और पता चला कि यह अंतर्राज्यीय गिरोह है और वाहन चोरी में संलिप्त है।
पूछताछ में पता चला कि यह गिरोह पिछले कई दिनों से सक्रिय रहा, जोकि रात के समय साहा क्षेत्र में घूमकर पूरे इलाके की जानकारी हासिल करता था। सड़क किनारे खड़े वाहनों को यह गिरोह चुरा लेता और इसे बेचने की फिराक में रहता। इस गिरोह ने बीती 20 नवंबर की रात को मिठ्ठापुर से एक डंफर को चोरी कर लिया। इस डंफर को लालड़ू के पास तोफापुर क्षेत्र में बेचने के लिए खड़ा किया गया था लेकिन तीन दिन में ही पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। आरोपियों की पहचान रविंदर कुमार निवासी रामदरबार चंडीगढ़, राजकुमार निवासी कक्कड़ माजरा (अब डेराबस्सी), अनिल शर्मा निवासी झारखंड के रूप में हुई है। इन सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
‘डंफर चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। यह आरोपी अंबाला, चंडीगढ़, झारखंड के रहने वाले हैं। सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने डंफर को बरामद कर लिया है।’
- रविंदर कुमार, जांच अधिकारी, साहा पुलिस