अंबाला। एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। ठगों ने 5 मार्च को रेलवे रोड स्थित एसबीआई के एटीएम पर डीओ कार्यालय के सेवादार नरेश कुमार को निशाना बनाया। शातिरों ने बड़ी चालाकी से मदद के बहाने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल लिया व तीन दिनों के भीतर उसके खाते से 97 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित नरेश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मदद के बहाने पीछे खड़े युवकों ने की धोखाधड़ी
बिछपड़ी गांव निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह डीओ कार्यालय में सेवादार के पद पर तैनात है। 5 मार्च को उन्हें कार्यालय की डाक देने पंचकूला जाना था। पैसों की जरूरत होने पर वह सुबह करीब 10 बजे रेलवे रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। जब वह मशीन पर पैसे निकलवा रहे थे तो पीछे दो अज्ञात युवक खड़े हो गए थे। उन्होंने जल्दी रुपये निकालने का दबाव बनाया। इसी बीच झांसा देकर नरेश का असली कार्ड अपने पास रख लिया व दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया। नरेश कुमार को ठगी का अहसास तब हुआ जब वह दोबारा रुपये निकालने एटीएम पहुंचे तो उनका कार्ड नहीं चला। बैंक गया तो पता चला कि असली कार्ड का इस्तेमाल कर ठगों ने 5 मार्च से 7 मार्च के बीच तीन किस्तों में पैसे निकाल लिए हैं।