गन्ने की बकाया पेमेंट को लेकर किसानों ने की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। क्षेत्र के गन्ना उत्पादकों की करोड़ों रुपये बकाया पेमेंट को लेकर भारतीय किसान यूनियन और किसान गन्ना संघर्ष समिति की बैठक शुगर मिल में जिला प्रधान मलकीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान किसानों ने शुगर मिल के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला प्रधान ने बताया कि शुगर मिल ने अपने वादे के अनुसार हर रोज डेढ़ करोड़ पेमेंट खातों में डालने का वादा किया था, लेकिन अब पेमेंट नहीं आने पर किसानों में रोष है। बार-बार प्रशासन व मिल प्रशासन को चेताने पर भी किसानों को पेमेंट के लिए दर-दर भटक रहे हैं। इस पर निर्णय लिया गया कि 5 मार्च को शुगर मिल के समक्ष महापंचायत करके बड़ा फैसला लिया जाएगा, जिसका जिम्मेवार प्रशासन व मिल प्रबंधन होगा। इस अवसर पर विनोद राणा, राजीव शर्मा, जसविन्द्र सिंह, फकीर चन्द, सुखविन्द्र सिंह, रामसिंह, राजेश, राजबीर, गुलाब सिंह सहित अन्य किसान मौजूद थे।