सरपंचों और नगर पार्षदों की वेतन वृद्धि के लिए आप करेगी आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अभय सैनी कहा कि हरियाणा सरकार ने सरपंचों के आंदोलन को समाप्त करने और उसे कमजोर करने के लिए साजिश की है। मात्र आश्वासन देकर आंदोलन को समाप्त करा दिया है। वह वीरवार को सिटी में पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप सरपंचों और नगर पार्षदों की वृतनवृद्धि के लिए आंदोलन करेंगी।
उन्होंने कहा कि सरपंच सरकार के आश्वासन से खुश नहीं हैं। भविष्य में मांगें पूरी नहीं होने पर इससे भी बढ़े आंदोलन करने की तैयारी शुरू कर दी है। बताया कि आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद के निर्देशों के अनुसार हरियाणा के सरपंचों और नगर पार्षदों के वेतन वृद्धि की मांग के समर्थन में जिलास्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। गुरविंद्र कौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार सरपंचों के हितों और पंचायतों को मजबूत करने के लिए संघर्ष करती रही है। आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। यही कारण है कि अधिकतर सरपंचों के साथ कई पार्षद भी आप को समर्थन दे चुके हैं। हरजीत सिंह ने भाजपा सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद तीन-तीन बार विधायक और मंत्रियों के वेतन बढ़ाए जा चुके हैं, लेकिन पार्षदों और सरपंचों के वेतन बढ़ाने पर सरकार विचार नहीं करती। अब आप सरपंचों के साथ मिलकर जिलास्तर पर प्रदर्शन करेगी। आप नेता एमएस ढिल्लो ने कहा कि विधायकों को दो लाख रुपये से तीन लाख रुपये प्रति महीने वेतन दिया जा रहा है। दूसरी तरफ, सरपंचों को मात्र तीन हजार रुपये वेतन दिया जाता है। कहा कि यदि हरियाणा सरकार सरपंचों और पार्षदों के वेतन वृद्धि को लेकर जल्द ही कोई फैसला नहीं लेती, तो आम आदमी पार्टी नवीन जयहिंद की अध्यक्षता में प्रदेशभर में आंदोलन चलाएगी। इस अवसर पर हरजीत सिंह ढींढसा, गुरविंद्र कौर, हरभजन सिंह, अमनदीप, जगतार, विक्की, गुलाब सिंह, अजैब सिंह, गुरमीत सिंह, मनजिंद्र सिंह ढिल्लो आदि मौजूद रहे।