विद्यार्थियों ने पॉकेट मनी से फल खरीदकर बुजुर्गों में बांटे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सांप्रदायिक सद्भाव सप्ताह के तहत पीकेआर जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी वृद्ध आश्रम एवं अंध विद्यालय गए। विद्यार्थियों ने अपनी जेब खर्च से फल खरीदकर बुजुर्गों में और अंध विद्यालय में वितरित किए। वहीं बच्चों से बुजुर्ग मिलकर प्रसन्न हुए तथा बच्चों के साथ गाने गाकर अपने विगत जीवन के स्वर्णिम पलों को याद किया। विद्यालय में जाकर विद्यार्थियों ने उनके जीवन को नजदीक से देखा तथा सीखा कि किस प्रकार अभावग्रस्त जीवन के होते हुए भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कराटे स्पर्धा में जीते पदक
वहीं पीकेआर जैन गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने शितोरियू कराटे एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में रजत एवं कांस्य पदक जीता है। दसवीं की छात्रा हिमांशी ने रजत पदक एवं नेहा ने कांस्य पदक जीत प्रतियोगिता में धाक जमाई। प्रधानाचार्य अमिता नागपाल और प्रबंधन समिति ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।