रमिंद्र सिंह
अंबाला कैंट। हिमाचल प्रदेश की वादियों का लुत्फ अब पर्यटक कालका-शिमला रेलमार्ग पर ‘रेस्टोरेंट कोच’ में उठा सकेंगे। रेल मंडल द्वारा पहली बार पटरियों पर चलता-फिरता रेस्टोरेंट तैयार किया है जिसका निश्चित तौर पर पर्यटक आनंद ले सकेंगे। इस रेस्टोरेंट कोच में पारंपरिक सीटों के बजाय गोल टेबल होंगे और कुर्सियां लगी होंगी। कालका स्थित वर्कशॉप में डिजाइन किए गए इस कोच को आगामी दिनों में पटरी पर दौड़ाने की योजना रेलवे की है। रेल मंडल अधिकारियों की माने तो यह कोच निश्चित तौर पर आने वाले समय में पर्यटकों की अधिक से अधिक संख्या अपनी ओर खींचेगा।
दिल्ली से राजस्थान के लिए चलने वाली पैलेस ऑन व्हीलस ट्रेन की तरह इस ट्रेन में भी कई सुविधाएं पर्यटकों को प्रदान की जाएंगी। शुरुआती चरण में रेलवे द्वारा रेस्टोरेंट कोच में एक किचन कम मिनी पैंट्री उपलब्ध कराई गई है जहां खाने-पीने का सामान रखा जाएगा एवं कुक भी किया जा सकेगा। सफर के दौरान हिमाचल की सर्द वादियों में किचन के जरिए पर्यटकों को गर्म-गर्म खाना परोसा जाएगा। कोच में चाय की ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन भी लगाई जाएगी। इसके अलावा कोच में टॉयलेट, यात्रियों के सामान रखने की सुविधा भी होगी। प्रत्येक कोच में चार टेबल और 12 कुर्सियां होंगी। कोच को रॉयल लुक दिया गया और कुर्सियां को डिजाइनदार बनाया गया है। कोच की खास बात है कि इस कोच में खिड़कियां ही नहीं है जबकि यह पूरी तरह से ओपन होगा। सफर के दौरान यात्रियों को इस कोच में सफर करते समय एक अलग एवं अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा और वह प्रकृति का आनंद उठा सकेंगे।
अभी कोच का किराया तय नहीं
रेलवे रेस्टोरेंट कोच निर्माण के अंतिम चरण में है और फिलहाल अभी इस कोच का किराया तय नहीं किया गया है। इस तरह के कई और कोच अभी रेलवे द्वारा बनाए जा रहे हैं और आगामी गर्मी के सीजन में यात्री इनका लुत्फ अवश्य उठाएंगे।
रेलमंत्री के दौरे के बाद रेल मंडल ने दिखाई तेजी
बीते वर्ष रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कालका-शिमला रेलमार्ग का निरीक्षण किया था और तब रेल मंडल को इस रेलमार्ग पर आय के साधन बढ़ाने के दिशा-निर्देश दिए थे। रेल मंडल इसके बाद अब तक पर्यटकों के लिए विस्टाडोम कोच एवं रेल कार विस्टाडोम का निर्माण कर चुका है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए स्पेशल ट्रेन, हिप-हॉप किराया व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।
कोट:::
रेस्टोरेंट कोच का निर्माण अंतिम चरण में है। सफर के साथ-साथ पर्यटक खाने का लुत्फ कालका-शिमला रेलमार्ग पर उठा सकेंगे। यह कोच पर्यटकों के लिए उपयुक्त कोच साबित होगा।
-हरि मोहन, सीनियर डीसीएम, अंबाला रेल मंडल