महिला बैंक मैनेजर पर बिफरे परिवहन मंत्री, बोले -मेरे साथ आपका ऐसा रवैया तो ग्रामीणों के साथ कैसा होगा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने किसान को लोन जारी न करने पर सहकारी बैंक की महिला मैनेजर को फटकार लगाई। वीरवार को गर्ल्स पॉलीटेक्निकल कॉलेज में आयोजित बैठक में मंत्री ने मैनेजर को साफ शब्दों में कहा कि ‘आपका रवैया मेरे साथ भी ठीक नहीं है तो ग्रामीणों से कैसा होगा।’ उन्होंने मैनेजर को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक के दौरान कुल 12 समस्याएं आई जिनमें से नौ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और तीन शिकायतों को अगली बैठक के लिए पेंडिंग रखा गया है। इस दौरान विधायक असीम गोयल, डीसी शरणदीप कौर बराड़ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बुधवार को मैनेजर ने मंत्री को ये दिया था जवाब
कष्ट निवारण समिति की बैठक से पहले बुधवार को ही मंत्री के पास किसान की शिकायत आ गई थी। किसान गुरदेव ने शिकायत दी कि बैंक मैनेजर को आवेदन करने के बावजूद उसे लोन के लिए बार-बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। मंत्री ने जब बुधवार को ही मैनेजर को फोन किया तो मैनेजर ने मंत्री को जवाब दिया ‘आप रीजनल दफ्तर में लोन के संबंध में बात कर लें’। इसके बाद डीसी से बात कर बैंक मैनेजर को समिति की बैठक में बुलाया गया।
किसान का आरोप - बैंक जमीन गिरवी रख ज्यादा लोन लेने को कर रहा था मजबूर
किसान ने बताया कि वह 50 हजार का लोन लेना चाह रहा था जिसके लिए उसने अप्लाई किया था। मगर बैंक उसकी जमीन गिरवी रख उसे ज्यादा लोन लेने के लिए मजबूर कर रहा था जिसके बाद उसे शिकायत परिवहन मंत्री से की।
मनरेगा के तहत पक्के करें रास्ते
बैठक में परिवहन मंत्री पंवार ने विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कम चौड़ाई के रास्तों को मनरेगा के तहत पक्का करें। उन्होंने विकास एवं पंचायत विभाग की ढीली कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त को इन अधिकारियों की बैठक आयोजित करके कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली बिलों के वितरण की समस्या को भी गंभीरता से लिया और उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे बिजली अधिकारियों की बैठक आयोजित करके समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में ये उठाई गई समस्याएं
विद्या नगर की परमजीत कौर की शिकायत थी कि पुलिस द्वारा उनके घर पर मारपीट के मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जा रही। परिवहन मंत्री ने पुलिस जांच रिपोर्ट और शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने के बाद मामले को फाइल करने के निर्देश दिए।
नारायणगढ़ के चतान गांव निवासी सोमनाथ की शिकायत थी कि उनके साथ गांव के तीन लोगों द्वारा मारपीट की गई थी लेकिन पुलिस उनमें से एक आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई नही कर रही। इस संबंध में डीएसपी नारायणगढ़ ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की लेकिन परिवहन मंत्री ने समिति के गैर सरकारी सदस्य मामचंद को आगामी बैठक में सही तथ्य प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी।
गांव बिचपड़ी निवासी सतबीर सिंह की शिकायत थी कि उनके पूर्वजों की जमीन को किसी अन्य व्यक्ति द्वारा बेच दिया गया है और शहजादपुर पुलिस द्वारा मामले में निष्पक्ष जांच नही की गई। अब पुलिस अधीक्षक के माध्यम से इसकी शिकायत सीआईए शाखा द्वारा की जा रही है और उनकी जांच सही दिशा में चल रही है। परिवहन मंत्री ने मामले की जांच रिपोर्ट तक यह शिकायत लंबित रखने के निर्देश दिए।
देवी नगर के किशोरी और गुरनाम सिंह की शिकायत थी कि अंबाला-हिसार मार्ग पर बाईपास बनने के कारण उनके खेतों के पानी की निकासी बाधित हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की रिपोर्ट पर असहमति व्यक्ति करते हुए परिवहन मंत्री ने इस मामले में गैर सरकारी सदस्य अनुभव अग्रवाल को जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
गांव गाजीपुर के देवराज द्वारा पूर्व पंचायत के कार्यकाल में सरकारी फंड के दुरुपयोग व अनियमितताओं की शिकायत की थी। इस संबंध में अधिकारियों द्वारा की गई जांच में सरपंच के विरुद्ध 18130 रुपये की अनियमितता दिखाई गई है। पंचायत पर पेड़ों की गैर कानूनी कटाई सहित अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। परिवहन मंत्री ने इस पूरे मामले की जांच एडीसी को करने के निर्देश दिए।
गांव तंदवाली के महिंद्र कुमार द्वारा सरकार की ग्रांट का प्रयोग न करने की शिकायत रखी गई थी, जिस पर कार्यकारी अभियंता ने बताया कि इस मामले में पंचायत किसी अन्य स्थान से नाला बनवाना चाहती है जबकि शिकायतकर्ता किसी दूसरे स्थान पर नाला बनाने की मांग कर रहे हैं। परिवहन मंत्री ने एसडीएम बराड़ा को मामले की जांच करने और ग्रांट का सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा भी उन्होंने अन्य शिकायतों की सुनवाई की और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
सरकार चट्टान की तरह मजबूत
मीडिया से बातचीत के दौरान परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार चट्टान की तरह मजबूत है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपने घटते जनाधार को रोकने और अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए विपक्ष के लोग इस तरह की झूठी अफवाहें फैला रहे हैं जबकि सरकार के सभी मंत्री व विधायक एकजुटता के साथ प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्प हैं।