अंबाला। शहर में तीज उत्सव कार्यक्रम में रोडवेज की 80 बसों को लगाया था। जिसके कारण पंजाब, कैथल, जींद, हांसी, सिरसा के रूट बंद रहे। वहीं स्थानीय रूटाें पर कम बसों को संचालन हुआ जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि सीईटी की परीक्षा के चलते दो दिन पहले भी लंबे और लोकल मार्ग बंद रहे थे। अंबाला शहर की अनाज मंडी में सोमवार को तीज उत्सव पर कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में अंबाला शहर स्थित कार्यशाला से 70 बसाें तो सब डिपो नारायणगढ़ से 10 बसें भेजी गईं। इन 80 बसों में महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया और कार्यक्रम स्थल से वापस लाया गया। इस कारण पटियाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और कैथल, जींद, हांसी, सिरसा मार्ग पर बसों का संचालन बंद रहा।
इन रूटों पर बसों का संचालन रहा कम
इसी प्रकार बराडा, चंडीगढ़, दिल्ली, के रूटाें पर बसों का संचालन कम रहा। अंबाला छावनी, अंबाला सिटी, बराड़ा, शहजादपुर ओर नारायणगढ़ बस अड्डों पर यात्री बसों की इंतजार करते नजर आए। इस दौरान कई यात्री दूसरे डिपो की बसों में अपने गंतव्य की ओर गए। इस दौरान कार्यशाला निरीक्षक बहादुर सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय तीज उत्सव कार्यक्रम में लगाई 80 बसों के कारण पंजाब, कैथल, जींद, हांसी, सिरसा के रूट पर बसों को संचालन बंद रहा। वहीं कुछ रूटों पर बसों ने कम फेरे लगाए।