अंबाला सिटी। ढीले और जर्जर तारों को बदलने के लिए बिजली निगम ने कार्य भी शुरू करवा दिया है। निगम की ओर से पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत अंबाला सर्कल में 795 किलोमीटर लंबी एलटी लाइन डाली जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली मिलेगी। निगम की ओर से इन तारों को बदलने के साथ ही ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर कार्य शुरू हो चुका है। आगामी जुलाई तक प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
350 ट्रांसफार्मर की बढ़ाई जाएगी क्षमता, छोटे से बड़े किए जाएंगे : जिले में 350 ट्रांसफार्मर ऐसे हैं, जिनकी क्षमता अभी कम है। उन ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाया जाएगा। इन ट्रांसफार्मर के क्षमता कम होने से बिजली लोड बढ़ता है। ट्रांसफार्मर के ओवरलोड होने पर गर्मी में ज्यादा समस्या आती है और बिजली कट लगते हैं। अब इन ट्रांसफार्मर की क्षमता को बढ़ाकर बड़ा किया जाएगा, इसके साथ ही 58 फीडर को भी दूसरे फीडर से अलग किया जाएगा। इन फीडर के अलग होने से गांव व शहर के उपभोक्ता तक सुगमता से बिजली पहुचेंगी।