अंबाला सिटी। लावारिस पशुओं के कारण हो रहे हादसों से निपटने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर से लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए टेंडर कर दिए हैं। वहीं साथ ही निगम ने यह निर्णय भी लिया है कि जब तक टेंडर अलॉट नहीं होते तब तक निगम अपने स्तर पर ही पशुओं को पकड़ने और उन्हें गोशाला में भेजने का कार्य करेगा। यदि कोई पशु पकड़ने जाने के बाद उस पशु का मालिक पशु को छुड़वाने के लिए आता है तो पहले उसे पांच हजार रुपये जुर्माना के रूप में देने होंगे। दोबारा से उसी पशु मालिक के पशु पकड़े जाते हैं तो जुर्माना को दोगुना कर दिया जाएगा।
13 दिसंबर तक मांगे आवेदन
नगर निगम द्वारा वीरवार को लावारिस पशुओं को पकड़ने के टेंडर साइट पर अपलोड किया गया है, जिसकी आखिरी तारीख 13 दिसंबर है। इससे पहले भी लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए कई बार टेंडर निकाले जा चुके है लेकिन किसी भी आवेदनकर्ता ने टेंडर के लिए आवेदन नहीं किया था। अब दोबारा से टेंडर को लगाया गया है। निगम को उम्मीद है कि इस बाद टेंडर अलॉट हो जाएगा, मगर यदि टेंडर अलॉट नहीं होता तो फिर से निगम के लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी।
पशुओं के कारण अब तक हुए कई हादसे
पशुओं के कारण ट्विन सिटी में अब तक कई हादसे हो चुके हैं। बुधवार ही पीसीआर के आगे नीलगाय आने के कारण पीसीआर हादसे का शिकार हो गई थी। दो पुलिस वाले भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं वीरवार हुई नंबरदारों की मीटिंग में भी इस मामले को काफी जोर शोर से उठाया गया था।
...............
लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए गोशालाओं से बात की जा रही है, कई गोशालाओं से बात हो भी चुकी है। जब तक टेंडर प्रक्रिया चल रही है तब तक नगर निगम अपने स्तर पर लावारिस पशुओं को पकड़ने का कार्य किया जाएगा।
सत्येंद्र सिवाच, कमिश्नर, नगर निगम अंबाला।