जिले में जानलेवा कोरोना का कहर वीरवार को भी बरकरार रहा। जिले में कोरोना से 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें चार अंबाला छावनी व दो नारायणगढ़ हलके और एक अंबाला शहर से शामिल हैं। वहीं जिले में वीरवार को 401 नए केस मिले हैं।
मरने वाले सभी मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रहे थे। इनमें दयालबाग की 63 वर्षीय महिला, 30 वर्षीय महिला पटेल नगर अंबाला छावनी, राजा पार्क 47 वर्षीय पुरुष, अंबाला कैंट के ही आसा सिंह गार्डन से 69 वर्षीय पुरुष, काला आंब नारायणगढ़ से 32 वर्षीय पुरुष, नवनीत नगर अंबाला शहर से 74 वर्षीय पुरुष और नारायणगढ़ हलके के गांव धनाना का 62 वर्षीय पुरुष की कोरोना से मौत हो गई।
कहां से आए नए केस
जिले में वीरवार को 131 केस अंबाला शहर, 69 अंबाला कैंट, 65 शहजादपुर, 16 मुलाना, 13 बराड़ा, 22 नारायणगढ़ और 85 चौड़मस्तपुर एरिया से पाए गए। इनमें से आसा सिंह गार्डन, रेलवे रोड अंबाला सिटी, नवनीत नगर अंबाला सिटी, सोनिया कॉलोनी अंबाला सिटी, वार्ड नंबर 13 नारायणगढ़ व मिलाप नगर अंबाला सिटी से 3-3, कलाल माजरा शहजादपुर, बोह, कोडवा खुर्द, पटेल रोड अंबाला सिटी, गोबिंद नगर अंबाला कैंट, जनेतपुर, रेलवे रोड अंबाल कैंट, कमल विहार अंबाला सिटी से 2-2, बब्याल से 11, जंडली और कुराली से 8-8, बिहटा सेक्टर 10, सेक्टर-9 व बलदेव नगर से 4-4, सेक्टर 7 व बाल सुधार गृह से 6-6 व हरी पैलेस अंबाला शहर से 5 और अन्य जगह से नए केस मिले।
जिले में अब तक 3 हजार 64 युवाओं को लगी पहली डोज
जिले में अब तक 3 लाख 18 हजार 395 को कोरोना डोज लग चुकी हैं। इनमें से 2 लाख 45877 को पहली और 72519 को दूसरी डोज लग चुकी है।
कोरोना की 6 मई तक जिले में स्थिति
जिले में अब तक 23342 लोगों को कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है। इनमें से 18600 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से रिकवरी दर गिरकर अब 79.68 प्रतिशत रह गई है जबकि मृत्यु दर बढ़कर इस समय 1.27 फीसदी हो गई है। इस समय जिले में 4441 मरीज एक्टिव हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में जरूरत से ज्यादा वर्कलोड
जिला नागरिक अस्पताल में इस समय जरूरत से ज्यादा वर्कलोड है जिले के सारे सरकारी अस्पताल और सीएससी को मिलाकर जितने मरीज बनते हैं उससे ज्यादा अकेले अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में भर्ती है। शहर नागरिक अस्पताल में 100 बेड की व्यवस्था की गई है और इनकी एवज में 125 मरीज रात साढ़े 8 बजे तक भर्ती थे। 25 मरीज व्हील चेयर, स्टेचर इत्यादि पर लेटाकर उनको ऑक्सीजन देकर जान बचाने के प्रयास किए जा रहे थे। जिले के सभी अस्पतालों में 578 मरीज समाचार लिखे जाने तक भर्ती थे। हालात यह हैं कि जिला नागरिक अस्पताल में स्टाफ की कमी है और यहां डॉ 16-16 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अंबाला शहर में 5 तो छावनी रामबाग श्मशान में जली 4 चिताएं
अंबाला शहर स्थित रामबाग श्मशान घाट में कोविड प्रोटोकाल के तहत 5 और छावनी रामबाग श्मशान घाट में कोविड प्रोटोकाल के तहत 4 चिताएं चली। इस तरह इन दोनों श्मशान घाटों में ही कोविड प्रोटोकाल के तहत 9 चिताएं कोविड प्रोटोकाल के तहत जलाई गई।
ऑक्सीजन प्लांट शुरू लेकिन अभी मरीजों को नहीं मिली इससे संजीवनी
जिला नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट इंस्टाल कर दिया गया है। वीरवार को इस प्लांट से पाइपलाइन को भी जोड़ दिया गया था लेकिन अभी इसका ट्रायल नहीं किया गया। ट्रायल से पहले टैंक के निकाला जाएगा। क्योंकि टैंक में पेंट हुआ है और पेंट की गंध निकाली जानी आवश्यक है। पेंट की गंध निकालने के बाद मरीजों तक शुद्ध ऑक्सीजन पूरे एहतियात के साथ पहुंचाई जाएगी।