अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने वीरवार को छावनी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बिजली निगम और नगर परिषद कैंट के अधिकारियों की लापरवाहियों पर मंत्री फटकार लगाते नजर आए।
फतेहाबाद के टोहाना के गांव समैण से आए बिजली कर्मचारी को एक साल से बिजली कनेक्शन न मिलने पर मंत्री विज ने एसई को चेतावनी दी। उन्होंने मामले में एसई फतेहाबाद से फोन पर बात की। अधिकारी ने बताया कि मामला विवादित है। इस पर विज ने कहा कि मुझे नहीं पता, पुलिस ले जाओ, चाहें सेना ले जाओ अगर सात दिन में कनेक्शन नहीं लगा तो निलंबन तय मानना।
एक कनेक्शन जैसे छोटे से काम के लिए हमारे ही कर्मचारी को भटकना पड़ रहा है। नगर परिषद के चक्कर कटवाने वाले अधिकारियों से कहा कि नगर परिषद को कमीशनखोरी का अड्डा बना दिया है, कहो तो ताला मार दूं।
जनसुनवाई के दौरान जग्गी सिटी सेंटर में नगर निगम की जमीन पर अवैध बिजली कनेक्शन का मामला सामने आया। फरियादी गौरव गर्ग ने 1960 की जमाबंदी और 1963 का नक्शा दिखाते हुए आरोप लगाया कि चार किलोमीटर दूर एक मकान के नाम पर यह कनेक्शन लिया गया है। विज ने डीसी को कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। वीरेश शांडिल्य ने कहा कि एक अवैध स्थान को दूसरे वैध स्थान की एनडीसी सौंप दी जा रही है। आरोपों पर मंत्री ने मुख्य सचिव को कमेटी बनाकर जांच कराने के लिए लिखने के आदेश दिए।