अंबाला। श्री शिव कांवड़ सेवा संघ के तत्वावधान में छावनी के ग्रेस बैंक्वेट हॉल में 54वें शिव कांवड़ शिविर का शुभारंभ हो गया। यह शिविर 31 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर की शुरुआत शुक्रवार सुबह 8 बजे विधिविधान से झंडा व भट्टी पूजन के साथ की गई।
श्री शिव कांवड़ सेवा संघ के प्रधान सीए सुभाष गोयल ने बताया कि यह अंबाला छावनी का सबसे प्रमुख शिविर है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अंबाला और अंबाला से आगे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले सभी शिव कावड़ियों के लिए यह शिविर सेवा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
कांवड़ियों के लिए विश्राम और स्नान की सुविधा
कांवड़ियों के लिए आरामदायक विश्राम और स्नान की व्यवस्था है। कांविड़यों के लिए जलपान, स्वादिष्ट भोजन और चाय की नि:शुल्क सेवा और यात्रा के दौरान स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों व दवाओं का प्रबंध किया गया है। लंबी यात्रा से थककर आने वाले शिवभक्तों के रात के समय ठहरने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। इस अवसर पर अजय अग्रवाल, एससी गोयल, संजय गुप्ता, विनोद मित्तल, सतीश मित्तल व अन्य मौजूद रहे।