विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पति गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना।
गांव धीन में सोमवार को महिला द्वारा बेटे को गोद में बैठा आत्मदाह करने के मामले पुलिस ने विवाहिता अंजना के पिता की शिकायत पर पति दिनेश को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पति दिनेश के अलावा सास के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। बता दें कि
गांव धीन स्थित डेरे में विवाहिता अंजना ने बेटे यतिन के साथ ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगा ली थी। आग में झुलस जाने के कारण दोनों मां-बेटे की अस्पताल में ले जाते वक्त मौत हो गई थी। सूचना पाकर मंगलवार सुबह अंजना के परिजन नाहन से अंबाला पहुंचे। विवाहिता के पिता रौनकी राम ने बताया कि पांच वर्ष पहले अंजना और दिनेश ने प्रेम विवाह किया था। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति दिनेश व सास ने नवविवाहिता अंजना को बेवजह प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। ऐसे में उसने बेटे सहित खुद को आग लगा कर आत्महत्या कर ली। मुलाना थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतका अंजना के पिता की शिकायत के आधार पर पति दिनेश और उसकी माता के खिलाफ धारा 306 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरी ओर पोस्टमार्टम के बाद अंजना के माता-पिता अस्पताल से ही वापस अपने घर चले गए और वह संस्कार में भी शामिल नहीं हुए। बता दें कि अंजना द्वारा प्रेम विवाह करने पर वह बेटी से नाराज थे।