आज आएंगे राष्ट्रपति, घर से रूट देखकर निकलें
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अंबाला आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। एयरफोर्स स्टेशन और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित ‘किले’ में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई रोड पर भी चौकसी बढ़ाई गई है, ऐसे में रोड बंद हो सकती है। लिहाजा जब भी घर से निकले तो पहले जानकारी जुटा लें कि बीच रास्ते कोई परेशानी तो नहीं होगी। जानकारी मुताबिक एयरफोर्स स्टेशन पर सुबह करीब साढ़े 11 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विशेष विमान से यहां आएंगे।
वे यहां स्थानीय सांसद रतनलाल कटारिया की बेटी के शादी समारोह में शरीक होंगे और इसके बाद वापस एयरफोर्स स्टेशन लौटेंगे। इसके बाद कुरुक्षेत्र में आयोजित गीता जयंती महोत्सव में शिरकत करने के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। वापस शाम को फिर अंबाला से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राष्ट्रपति आगमन को लेकर अंबाला में हाई लेवल सुरक्षा व्यवस्था की गई है और सेना से लेकर पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। शनिवार को अंबाला के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा और राष्ट्रपति की मूवमेंट के दौरान एयरफोर्स स्टेशन की एलेक्जैंड्रा रोड, जीटी रोड एवं चंडीगढ़ रोड को कुछ समय के लिए बंद किया जाएगा।
पुलिस ने दो बार की रिहर्सल
एयरफोर्स स्टेशन रोड से लेकर अंबाला-पंजाब की सीमा पर पुलिस ने शुक्रवार को सुबह और शाम दो बार काफिला निकालकर रिहर्सल की। इस दौरान रोड पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया। साथ ही विभिन्न चौराहों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। वाहन चालकों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा था। प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान जहां खामियां मिली वहां सुधार के लिए निर्देश भी दिए। राष्ट्रपति का काफिला एयरफोर्स स्टेशन से जीटी रोड, फिर चंडीगढ़ रोड पर डायवर्ट होगा। राष्ट्रपति आगमन को लेकर शाम डीसी शरणदीप कौर बराड़ा एवं एसपी अभिषेक जोरवाल ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीसी ने एयरफोर्स स्टेशन से रिसोर्ट तक के मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने इस पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा बंदोबस्त, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा सहित अन्य प्रबंधों का जायजा लिया। इस मार्ग पर स्वर्ण जयंती गेट के स्थापना स्थल के नजदीक व कुछ अन्य क्षेत्रों पर रखी निर्माण सामग्री को तुरंत हटाने के आदेश दिए।
यहां जाने से करें परहेज, यह है विकल्प
राष्ट्रपति आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चौक-चौबंद है। एयरफोर्स स्टेशन को जाने वाली एलेक्जैंड्रा रोड पर शनिवार को वाहन चालक न जाए। यदि वाहन चालक इस रोड का प्रयोग करते हैं तो उन्हें परेशानी हो सकती है। रोड को सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए बंद भी किया जाएगा। वाहन चालक आने-जाने के लिए जीटी रोड का प्रयोग कर सकते हैं।
इसके अलावा सेना नगर से बलदेव नगर तक जीटी रोड पर भी नाके लगेंगे। सिटी आने जाने के लिए शनिवार जंडली पुल वाहन चालकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।
उधर, सड़कों पर किसी तरह का कोई व्यवधान न पड़े इसके लिए नगर निगम ने लावारिस पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया। जीटी रोड, चंडीगढ़ रोड के अलावा एलेक्जैंड्रा रोड पर कैंटोनमेंट बोर्ड की मदद से पशुओं को पकड़ा गया। इसके अलावा रोड किनारे लगने वाली रेहड़ी चालकों और दुकानदारों को भी हिदायतें दी गई हैं।
बीते साल आए थे पूर्व राष्ट्रपति
करीब एक साल बाद अंबाला एयरफोर्स स्टेशन में एक बार फिर राष्ट्रपति आ रहे हैं। बीते 10 नवंबर को एयरफोर्स स्टेशन में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी यहां आए थे। राष्ट्रपति के आगमन पर हालांकि एयरफोर्स स्टेशन में कोई अधिकारिक समारोह तो नहीं होगा, मगर एयरफोर्स अधिकारी उनके यहां आने को लेकर खासे उत्साहित हैं। इसके लिए एयरफोर्स स्टेशन में भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा हाई लेवल पर रखी गई है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस फोर्स के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। फिलहाल कोई रोड बंद नहीं की गई है। सुरक्षा को लेकर एयरफोर्स और सेना पुलिस भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेगी। -अभिषेक जोरवाल, एसपी, अंबाला।