संवाद न्यूज एजेंसी,
बराड़ा। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सतीन्द्र सिवाच की अध्यक्षता में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तरीय टीबी फोरम की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रगति की समीक्षा करना था। एसडीएम ने बताया कि पिछले वर्ष साहा और बराड़ा ब्लॉक की 44 पंचायतें टीबी मुक्त हुई थीं, जबकि इस वर्ष 51 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करने की तैयारी है।
बैठक में बाल टीबी मामलों, घरेलू जांच के लिए हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीनों के उपयोग और ''''निक्षय मित्र'''' पहल पर विस्तार से चर्चा हुई। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सीमा ने अपील की कि दो सप्ताह से अधिक खांसी होने पर तुरंत सरकारी केंद्र में जांच कराएं। बैठक में टीबी चैंपियनों ने अपने अनुभव साझा किए और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को जागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला टीबी अधिकारी डॉ. शिखर गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।