अंबाला। खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस वर्ष बढ़ाई गई प्रदेशभर की 500 निजी खेल नर्सरियों को विभाग की अनदेखी का ग्रहण लग गया है। दो माह बाद भी इन खेल नर्सरियों को अलॉट करने के लिए फाइलें वित्त विभाग के पास अटकी पड़ी है। अनुमति मिलने के बाद ही इन खेल नर्सरियों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को ओर निखारते हुए सरकार की योजना का भी लाभ उठा सकेंगे। हैरानी की बात यह है कि विभाग की तरफ से इन खेल नर्सरियों को 1 अप्रैल से शुरू किया जाना था। पहली बार ऐसा हो रहा है कि निजी खेल नर्सरियों को अलॉट करने में देरी की जा रही है। जबकि इच्छुक आवेदक कार्यालय के चक्कर काटने के साथ-साथ लगातार विभाग में फोन कर जानकारी ले रहे हैं। हर बार उन्हें जल्द ही मुख्यालय स्तर पर निर्णय लेने की बात बोलकर टाला जा रहा है।
अंबाला में अभी तक महज 12 ही निजी को अलॉट, 69 ने किया था आवेदन
अंबाला की बात करें तो पिछले बार की अपेक्षा निजी संस्थानों ने ज्यादा रूचि दिखाई दी। विभाग के पोर्टल पर अंतिम दिन तक कुल 69 ने आवेदन किया था। हालांकि अभी तक महज 12 ही निजी खेल नर्सरियां अलॉट हुई है बाकी को इंतजार है। विभाग की तरफ से आवेदन करने वालों की भी छटनी की जानी है। विभाग के अनुसार अब अंबाला में केवल 20 ओर खेल नर्सरियां अलॉट की जाएगी। इसका निर्णय भी मुख्यालय स्तर पर लिया जाएगा।
अंबाला में अभी तक यह अलॉट हुई निजी खेल नर्सरियां -
- ग्राम पंचायत जटवाड़ - लड़कों की फुटबॉल व एथलेटिक्स की मिक्स
- ग्राम पंचायत मस्तपुर को लड़कों की वालीबॉल
- ग्राम पंचायत झंडूमाजरा व सुभरी गांव को एथलेटिक्स की मिक्स यानी लड़के व लड़कियों
- अंबाला कैंट के एसडी कॉलेज को लड़के व लड़कियों की बॉक्सिंग
- गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंजोखरा को नेटबॉल व वेटलिफ्टिंग
- गवर्नमेंट मिडिल स्कूल मियां माजरा को हॉकी
- पीएम श्री केवी नंबर-2 को हैंडबॉल, फुटबॉल
- गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी तलहेड़ी गुजरान में लड़कों की वालीबॉल
सरकारी के अलावा 12 निजी को भी खेल नर्सरियां अलॉट कर दी गई है। बाकी नर्सरियों की अलॉटमेंट का इंतजार है। पूरे प्रदेश में करीब 500 नई निजी खेल नर्सरियों के लिए मुख्यालय से फाइनेंस डिपार्टमेंट की तरफ से अनुमति नहीं मिली है। उसके आते ही यह अलॉट कर दी जाएगी।
राजबीर रंगा, जिला खेल अधिकारी अंबाला